पटना

बिहारशरीफ: जहरीली शराब कांड में पुलिस ने ढोल बजाकर आरोपियों के घर पर चिपकाया इश्तिहार


बिहारशरीफ। सोहसराय थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी मोहल्ले में 12 लोगों की जहरीली शराब से मौत हो गयी थी। इस कांड में सात आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट होने के बाद शुक्रवार को छोटी पहाड़ी स्थित सातो आरोपियों के घर पर नालंदा पुलिस द्वारा ढोल बजाकर इश्तिहार चिपकाया गया, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया कि सरेंडर नहीं किया गया तो न्यायालय के आदेश पर उनके घर पर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जायेगी।

कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे सर्किल इंस्पेक्टर गुलाम सरवर के साथ बिहारशरीफ थानाध्यक्ष संतोष कुमार, लहेरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, सोहसराय के प्रभारी थानाध्यक्ष नंदन कुमार सिंह दल-बल के साथ पहुंचकर आरोपियों के घर पर इश्तिहार चिपकाया। जिन आरोपियों के घर पर इश्तिहार चिपकाया गया उनमें पहड़तल्ली निवासी सुनीता कुमारी (मैडम), उसका बेटा सूरज कुमार, मंसूरनगर मोहल्ला निवासी सुरेंद्र पासवान उर्फ सिंह जी, चंदन पासवान, छोटी पहाड़ी निवासी मीना देवी एवं उनका पुत्र भोंभा, सिन्टू राम शामिल है।

इस कांड में नामजद अभियुक्त कारू पासवान एवं जितेंद्र कुमार उर्फ भोकला को पूर्व में हीं गिरफ्तार कर न्यायालय के सुपुर्द कर दिया गया था। बताया जाता है कि सोहसराय थाना कांड संख्या 23/22 के मामले में कुल सात अभियुक्त फरार चल रहे थे। कुल सातों के घर पर इश्तिहार चिपकाया गया है।