पटना

बिहारशरीफ: जिउतिया पर्व के उपवास के बावजूद महिला मतदाताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह


      • दुर्गापुर के मुखिया प्रत्याशी व गिरियक प्रखंड जदयू अध्यक्ष मतदाता को प्रलोभन देने के मामले में गिरफ्ता
      • थरथरी में 61.6 तो गिरियक में शाम पांच बजे तक 55 फीसदी मतदान

बिहारशरीफ (नालंदा)। बुधवार को दूसरे चरण में जिले में पहली बार थरथरी और गिरियक प्रखंड में वोट डाला गया। चुनाव को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल था। सुबह से ही पुरुष और महिलाएं कतार में लगी हुई दिखी। कई-कई बूथों पर कतारें इतनी लंबी थी कि लोगों को अपनी बारी आने के लिए चार-चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम पांच बजे तक थरथरी में 61.6 तो गिरियक में 55 फीसदी तक मतदान हुआ।

गिरियक एवं थरथरी प्रखंड के 109 बूथों पर वोट डाले जा रहे थे लेकिन कई बूथों पर शाम पांच बजे के बाद भी वोटरों की लंबी कतारें दिखी। हालांकि जिउतिया पर्व को लेकर प्रायः महिलाएं उपवास में थी बाजवूद इसके गरमी के बावजूद उपवास में रही महिलाएं भी वोट देने को लेकर उत्साहित रही। कई बूथों पर तो पुरुषों से अधिक प्रतिशत मतदान महिलाओं ने की। गिरियक में मुखिया पद के लिए 45 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे, जबकि सरपंच पद के लिए 34, पंचायत समिति सदस्य के लिए 41, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 329, पंच पद के लिए 95 सहित 544 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे जिनका भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। गिरियक प्रखंड के 89 बूथों में 39 बूथों पर शाम तक बायोमिट्रिक मशीन काम नहीं किया। सुबह 9 बजे तक कई बूथों पर मशीन बंद थी।

दुर्गापुर पंचायत के निवर्तमान मुखिया सह प्रखंड जदयू अध्यक्ष राकेश कुमार को पंचायत चुनाव के दिन आचार संहिता उल्लंघन के मामले में गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि राकेश कुमार पर मतदान केंद्र के पास ही अपने घर में मतदाताओं के लिए खाना बनाने का आरोप है। एसडीओ अनीता सिंह और डीएसपी प्रदीप कुमार ने गिरियक थाना में केस दर्ज कर राकेश कुमार को मतदाताओं को प्रलोभन देने हेतु भोज करने के आरोप में गिरफ्तार किया।