पटना

बिहारशरीफ: पंचायत चुनाव को लेकर डीएम ने वीसी के माध्यम से की अधिकारियों के साथ बैठक


बिहारशरीफ (आससे)। जिलाधिकारी श्री योगेंद्र सिंह ने सोमवार को आगामी पंचायत निर्वाचन की पूर्व तैयारी को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ बैठक की। आगामी पंचायत निर्वाचन ईवीएम के माध्यम से कराया जायेगा। 15 जून 2021 तक पंचायत निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण की जानी है।

पंचायत निर्वाचन के लिए मतदाता सूची का विखंडीकरण किया गया है। निर्वाचक सूची से संबंधित सभी प्राप्त दावा आपत्ति का निराकरण निर्धारित तिथि तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। दावा आपत्ति के सभी प्राप्त ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन का निर्धारित पोर्टल के माध्यम से विहित प्रक्रिया के अनुरूप ससमय निष्पादन सुनिश्चित कराने का निर्देश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया गया।

मतदान केंद्रों से संबंधित प्राप्त सभी दावा आपत्ति का निराकरण 13 फरवरी तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए सभी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को स्वयं संबंधित बूथ का स्थल सत्यापन कर यथोचित निराकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।

सभी अनुमंडल पदाधिकारी को प्रतिदिन सभी प्रखंडों की समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला पंचायती राज पदाधिकारी को हर दूसरे दिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी के साथ समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी आदि जुड़े थे।