पटना

भागलपुर ब्लास्ट को लेकर विस में हंगामा


बेलागंज में महिलाओं की पिटाई के मुद्दे पर भी सदन में शोरगुल

(आज समाचार सेवा)

पटना। गुरुवार की रात भागलपुर में हुए बम विस्फोट से दर्जनों से ऊपर लोगों के मारे जाने तथा २० से अधिक के घायल होने व कई मकान के जमींदेाज होने की घटना को लेकर शुक्रवार को विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता व स्थानीय विधायक अजित शर्मा तो अपनी बात कहते कहते इतने भावुक हो गये कि उनका गला रुंध गया। उन्होंने कहा कि कहां थी वहां की पुलिस। अब तक उस मामले में प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में क्या कुछ सामने आया, यह तो सदन को जानने का अधिकार है। सरकार इसे संज्ञान में ले और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। वहीं राजद के गया जिला के सभी विधायक बेलागंज विधायक सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में महिलाओं व बच्चियों के साथ हुए पुलिसिया अत्याचार को लेकर जमकर हंगामा किया। बेल में आकर नारेबाजी भी की। सरकार के दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाइ किये जाने की घोषणा के बाद उत्तेजित सदस्य शांत हुए।


सीएम ने दिये भागलपुर मामले की जांच के निर्देश

पटना (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर में हुए बम विस्फोट की घटना पर गहा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना में मृत लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है, साथ ही इस घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने ईश्वर प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और डीजीपी को बुलाकर घटना की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इस घटना की जांच कर समुचित कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

इधर विधानसभाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने भागलपुर बम ब्लास्ट में मारे गये लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होने कहा कि भागलपुर में धमाके से १२ लोगो की असामयिक मृत्यु बहुत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं की चिर शांति तथा शोकाकुल परिजनों को दारूण दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। शासन प्रशासन शीघ्रता से जांच कर दोषियों क खिलाफ सख्त कार्रवाइ करे।


सदन के बाहर और इन दोनों मुद्दों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। प्रश्नोत्तर काल को स्थगित कर विशेष बहस कराने की मांग विपक्ष की ओर से की गयी। स्पीकर विजय कुमार सिन्हा द्वारा दोपहर १२ बजे मामले को उठाने का आश्वासन दिये जाने पर सदस्य उस वक्त शांत हुए और प्रश्नोत्तर काल प्रारंभ हुआ। प्रश्नोत्तर काल की समाप्ति के बाद एक बार फिर विपक्ष हंगामा करने लगा और बेल में पहुंच गया। विधानसभाध्यक्ष ने कहा कि घटना दुखद है। सरकार पूरी जानकारी प्राप्त कर सदन को अवगत करायेगी। गया मामले की जांच विधानसभा की विशेष कमेटी से कराने की मांग बेलागंज विधायक ने की। उनका कहना था डीएम और एसएसपी छुट्टी पर थे। नीचे के अधिकारियों ने बर्बरतापूर्वक कार्रवाई की है जो  गलत है। पूरे गया जिला में इस घटना को लेकर आक्रोश है।