उत्तर प्रदेश पटना

बिहारशरीफ: भाजपा का दो दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग आज से राजगीर में


  • प्रदेश संगठन के सभी अधिकारी के साथ सभी जिलाध्यक्ष लेंगे प्रशिक्षण
  • दोनों उपमुख्यमंत्री तथा भाजपा कोटे के मंत्रियों के राजगीर आने की संभावना
  • कार्यक्रम को लेकर बिहारशरीफ से राजगीर तक के मार्गों में लगाया गया है भाजपा का झंडा

बिहारशरीफ (आससे)। राजगीर में भाजपा का दो दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षक प्रशिक्षण वर्ग कल शनिवार से शुरू हो रहा है, जिसकी तैयारी में भाजपा के जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक की टीम लगातार काम कर रही है। प्रशिक्षण शिवर को लेकर राजगीर को तोरणद्वार एवं झंडा बैनर से सजाया गया है। समारोह स्थल होटल राजगीर रेसिडेंसी को भव्य लुक दिया गया है। इसी होटल के सभागार में पार्टी का प्रशिक्षण शिविर होना है। कार्यक्रम को लेकर बिहारशरीफ से राजगीर जाने वाले मार्ग में भी भाजपा का ध्वज लगाया जा रहा है। जगह-जगह तोरणद्वार भी बनाये गये है।

कल दोपहर 11 बजे झंडोत्तोलन के साथ दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शुरू होगा, जिसमें प्रशिक्षण देने के लिए राष्ट्रीय स्तर के लोग पहुंच रहे है। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल करेंगे। इसके अलावे राष्ट्रीय संगठन महामंत्री वी-एस- संतोष, प्रदेश संगठन मंत्री नागेंद्र, सह-संगठन मंत्री रत्नाकर, शिवनारायण प्रसाद हिस्सा लेंगे।

कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यक्रम प्रभारी मृत्युंजय झा, उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, पूर्व विधायक सह उपाध्यक्ष राजीव रंजन, बिहारशरीफ विधायक डॉ. सुनील कुमार, महामंत्री अजय कुमार यादव, देवेश कुमार, सुशील चौधरी, जिला प्रभारी नवीन केसरी, जिलाध्यक्ष प्रो. रामसागर सिंह, उपाध्यक्ष सुधीर कुमार आदि लोग लगातार जुटे हुए है। इसके अलावे नालंदा जिला भाजपा के कई लोग कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए है।

दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश भाजपा के 120 पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इसके बाद भाजपा संगठन के 46 जिलाध्यक्षों को इसमें हिस्सा लेना था, लेकिन प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवहर और लखीसराय के जिलाध्यक्ष इस कार्यक्रम में कतिपय कारणों से भाग नहीं ले रहे है। ऐसे में 44 जिला संगठनों के अध्यक्ष इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

बैठक में सिर्फ वही लोग हिस्सा लेंगे, जिनका नाम सूची में है। मंत्री, विधायक को बैठक में हिस्सा नहीं लेना है। वही विधायक और विधान पार्षद प्रशिक्षण में शिरकत करेंगे जो संगठन से जुड़े है। चर्चा है कि भाजपा कोटे के सभी मंत्री जिसमें दोनों उपमुख्यमंत्री भी शामिल है भी राजगीर आयेंगे। कार्यक्रम में शिरकत करने की कोई आधिकारिक जानकारी तो नहीं है, लेकिन इन सबों के आवासन के लिए राजगीर परिसदन में व्यवस्था की गयी है। प्रशिक्षण में भाग लेने वाले बाकी सभी लोगों के आवासन की व्यवस्था राजगीर रेसिडेंसी होटल में की गयी है।

कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भाजपा के 75 कार्यकर्ता लगातार कई दिनों से जुटे हुए है, जिसमें अधिकांशतः जिले के लोग है। कल होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने वाले नेताओं की मेजबानी में जिला भाजपा के कार्यकर्ता लगातार काम कर रहे है। कार्यक्रम के एक दिन पूर्व यानी शुक्रवार को भाजपा के नेताओं ने अंबेदकर चौक पर बाबा साहब भीमराव अंबेदकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और स्वच्छता अभियान चलाया, जिसके तहत सड़कों पर झाड़ू भी लगाया। जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन, जिला महामंत्री राजेश्वर जी, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष इश्तियाक रजा, राजगीर नगर मंडल अध्यक्ष विकास कुमार, डॉ. आशुतोष कुमार, मो. अमीर खुसरो, ई. प्रेम सागर आदि लोगों ने हिस्सा लिया।