पटना

बिहारशरीफ: मॉनसून की बारिश से शहर में ना हो जलजमाव इसके लिए निगम प्रशासन सजग


बड़े और मंझोले 82 नालों की सफाई के बाद अब निकासी पईन की सफाई शुरू करायी पोकलेन से

बिहारशरीफ (आससे)। बिहारशरीफ नगर निगम मॉनसून के बारिश से शहर को राहत दिलाने की पहल तेज कर दी है। इसके तहत निगम द्वारा पोकलेन मशीन से पईन की उड़ाही की जा रही है। उन पईनों की सफाई तेजी से किया जा रहा है, जिससे शहर के पानी की निकासी होती है। गत वर्ष निगम द्वारा किये  गये इस प्रयोग से शहर में जलजमाव की समस्या कम हुई थी। इसी को देखते हुए इस बार पुनः निगम प्रशासन ने पोकलेन मशीन से पईन उड़ाही कराना शुरू किया है।

नगर निगम द्वारा रामचंद्रपुर बाजार समिति से आशानगर पुल तक एनएच 20 के पूर्वी पईन की उड़ाही का कार्य पोकलेन से शुरू कराया गया है, जबकि बड़ी दरगाह से कटरा नदी तिराहा होते अखाड़ापर, खैराबाद, रेलवे क्रॉसिंग तक पईन की उड़ाही का कार्य किया जा चुका है। नगर निगम अपने क्षेत्र के 82 बड़े, मंझोले नालों की सफाई करा चुकी है। इसके अलावे नाला उड़ाही हेतु 11 गैंग का गठन कर नाला उड़ाही का काम करवाया जा रहा है। इसके तहत शहर के छोटे नालों की भी सफाई चल रही है। निगम प्रशासन का प्रयास है कि इस बार भी मॉनसून या कहे बरसात की पानी से शहर में जलजमाव कम से कम हो।