पटना

बिहारशरीफ: सरकारी कार्यों में लापरवाही बरदाश्त नहीं : श्रवण कुमार


ग्रामीण विकास विभाग द्वारा एकंगरसराय सहित कई बीडीओ को किया गया दंड अधिरोपित : मंत्री

बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि अच्छा परफॉरमेंस नहीं देने वाले अनेकों प्रखंड विकास पदाधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की गयी है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्य योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय सहायता योजना, मुख्यमंत्री आवास जीर्णाेद्धार योजना, मनरेगा योजना, जीविका, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूरबन योजना आदि शामिल हैं जिसके कार्यान्वयन में प्रखंड विकास पदाधिकारी की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण हैं।

ग्रामीण विकास मंत्री श्री कुमार ने बताया कि कुछ ग्रामीण विकास अधिकारी अपने दायित्वों का निवर्हन अच्छे ढंग से करते हैं जबकि कई ऐसे पदाधिकारी हैं जिन्हें बार-बार योजनाओं के तीव्र गति से एवं पारदर्शी तरीके से क्रियान्वयन सहित आम जनता की विभाग से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु निदेश दिया जाता है किन्तु वे अपने कार्यों में ढिलाई बरतते हैं। साथ ही वित्तीय अनियमितता, लोक शिकायत निवारण की सुनवाई में अभिरूचि नहीं लेने, निर्वाचन कार्यों में पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से काम नहीं करने के कारण कई प्रखंड विकास पदाधिकारियों के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही के तहत अनेक प्रकार के लघु दंड अधिरोपित किये गये हैं।

हाल में दंडित किये गये कुछ प्रखंड विकास पदाधिकारियों की जानकारी देते हुए मंत्री श्री कुमार ने बताया कि नालन्दा जिला के एकंगरसराय की प्रखंड विकास पदाधिकारी गीता, भागलपुर जिला के गोराडीह प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, गया जिला के बेलागंज प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी कुन्दन कुमार, कटिहार जिला के कोढ़ा प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्याम कुमार, अरवल जिला के कलेर के प्रखंड विकास पदाधिकारी युनुस सलीम, वैशाली जिला के लालगंज के पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी राधा रमण मुरारी, भोजपुर जिला के बड़हरा प्रखंड के पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार को कड़ी चेतावनी का दंड अधिरोपित किया गया है।

जबकि मधुबनी जिला के मधेपुर प्रखंड के तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी तेजप्रताप त्यागी, जमुई जिला के बरहट प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी चन्दन कुमार एवं शेखपुरा जिला के शेखोपुरसराय प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार अमर को असंचयात्मक प्रभाव से एक वेतन वृद्धि का दंड अधिरोपित किया गया है। इसके अतिरिक्त अरवल जिला के सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार एवं भागलपुर जिला के गोराडीह के प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा को असंचयात्मक प्रभाव से दो वेतन वृद्धि एवं निन्दन का दंड अधिरोपित किया गया है।

सीतामढ़ी जिला के डुमरा प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार को असंचयात्मक प्रभाव से तीन वेतन वृद्धि का दंड अधिरोपित किया गया है। ग्रामीण विकास मंत्री ने बताया कि विभागीय कार्यवाही में तीव्रता लाकर विभागीय कार्यवाही के जल्द निस्तारण हेतु विभाग को निदेश दिया गया  है।