पटना

बिहार के शुभम बने यूपीएससी टॉपर


चकाई के प्रवीण कुमार को मिला सातवां स्थान, पूसा के सत्यम गांधी दसवें स्थान पर

(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज परीक्षा में बिहार  के शुभम कुमार टॉपर बने हैं। यूपीएससी में 19 साल बाद बिहार को यह सफलता मिली है। शुभम कटिहार के रहने वाले हैं। सातवां स्थान जमुई जिले के चकाई के प्रवीण कुमार को मिला है। समस्तीपुर के पूसा के रहनेवाले सत्यम गांधी दसवें स्थान पर रहे जबकि किशनगंज के अनिल बसाक 45वें, तारापुर (मुंगेर) के मनीष 49वें और पूर्णिया के आशीष मिश्रा 52वें स्थान पर रहे। शुभम ने आईआईटी मुंबई से पढ़ाई की है। वे कटिहार के कदवा प्रखंड के कुम्हरी गांव के रहने वाले हैं। इनके अलावा बिहार के कई छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है।

जमुई के चकाई निवासी प्रवीण को सातवीं रैंक मिली है। आईआईटी कानपुर से पासआउट जमुई के प्रवीण 2018 में भारतीय रेल सेवा के लिए चुने गए थे। अभी वड़ोदरा में उनकी ट्रेनिंग चल रही है। प्रवीण के पिता सीताराम वर्णवाल दवा की दुकान चलाते हैं। प्रवीण ने जसीडीह के रामकृष्ण मिशन से प्रारंभिक शिक्षा हासिल की है। मैट्रिक और इंटर सीबीएसई से करने के बाद आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की। सिविल सेवा में दूसरे प्रयास में सफलता मिली है। इससे पहले वर्ष 2000 में ऑलोक झा टॉपर बने थे। वहीं, 1997 में गया के सुनील कुमार बरनवाल ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। 1987 में आमिर सुबहानी टॉप किये थे। जो अभी बिहार के विकास आयुक्त हैं। अभी तक बिहार के चार मेधावियों ने यूपीएससी में शीर्ष स्थान हासिल किया है।


मुख्यमंत्री ने दी बधाई

पटना (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा २०२० में सर्वोच्च स्थान हासिल करने पर बिहार के कटिहार जिला निवासी शुभम कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने बधाई देते हुए कहा कि शुभम कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल कर न केवल बिहार का मान बढ़ाया है बल्कि पूरे देश को भी गौरवान्वित किया है। इससे बिहार के युवाओं को और आगे बढऩे की प्रेरणा मिलेगी। वर्तमान में बिहार के विकास आयुक्त आमिर सुबहानी ने भी वर्ष १९८७ में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सर्वोच्च स्थान हासिल किया था, जो सीवान के निवासी हैं।


संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज परीक्षा, 2020 का रिजल्ट शुक्रवार को आया है। बिहार विधान सभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज परीक्षा, 2020 में टॉपर बनने पर कटिहार निवासी शुभम कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि शुभम कुमार की सफलता ने एक बार फिर बिहार का गौरव बढ़ाया है। शुभम लाखों युवाओं की प्रेरणा हैं। शुभम कुमार के पिता देवानंद सिंह  उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक में कैशियर हैं।

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज परीक्षा, 2020 में देश भर के 761 प्रतियोगियों को सफलता मिली है। ये सभी सफल प्रतियोगियों की मेधा क्रम के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय विदेश सेवा, भारतीय पुलिस सेवा तथा सेंट्रल सर्विसेज के ग्रुप-ए एवं ग्रुप-बी के पदों पर नियुक्त होंगे। इसकी अनुशंसा सिविल सर्विसेज परीक्षा, 2020 के रिजल्ट के आधार पर संघ लोक सेवा आयोग ने की है।


कानों पर विश्वास नहीं हुआ : शुभम

पटना (आससे)। यूपीएससी टॉपर शुभम कटिहार जिले के कदवा प्रखंड के कुम्हरी गांव के रहने वाले हैं। कदवा से पूर्णिया के विद्या विहार स्कूल और बाद में आईआईटी कंपीट कर पुणे में उन्होंने आईएएस की तैयारी की। उनके पिता देवानंद सिंह पूर्णिया में उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक में शाखा प्रबंधक हैं। पिछले वर्ष भी शुभम ने सिविल सर्विसेज की परीक्षा उत्तीर्ण की थी,  लेकिन उन्हें 290 रैंक मिली थी। इससे वह संतुष्ट नहीं हुए और दोबारा परीक्षा में शामिल होकर सर्वोच्च स्थान हासिल कर बिहार का नाम देश भर में रोशन किया। रिजल्ट आने के बाद शुभम ने कहा कि पिछले कुछ सालों में बिहार में काफी बदलाव हुए हैं। हर क्षेत्र में काम हो रहा है, लेकिन मेरी पहली पंसद मध्य प्रदेश कैडर है।

शुभम के पिता देवानंद सिंह ने कहा कि जब मैं बैंक से ड्यूटी कर सीढिय़ों से नीचे उतर रहा था, उसी दौरान उसका फोन आया। शुभम ने कहा कि मैंने यूपीएससी टॉप किया है तो मुझे अपने कानों पर विश्वास नहीं हुआ। मैंने दुबारा पूछा-कौन सा रैंक है तो उसने कहा कि मैंने टॉप किया है। यह सुन मैं भावुक हो गया, उधर फोन पर शुभम भी रुआंसा हो गया। शुभम के दादा-दादी की ख्वाहिश आज पूरी हुई है। शुभम ने दिन-रात मेहनत की है। मैंने उसे इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया। आज उसी का यह परिणाम है।

देवानंद सिंह ने कहा कि शुभम की कड़ी मेहनत ने उसे सफल बनाया है। उन्होंने कहा कि टॉपर बनना निश्चित रूप से गौरव की बात है। शुभम की मां पूनम देवी गृहिणी हैं। रिजल्ट आने के बाद से उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।


सफल अभ्यर्थियों में 180 आईएएस बनेंगे। 36 आईएफएस बनेंगे। 200 आईपीएस बनेंगे। 761 सफल अभ्यर्थियों में 263 सामान्य कोटि के, 86 ईबीसी कोटि के, 229 ओबीसी कोटि के, 122 एससी कोटि के एवं 61 एसटी कोटि के हैं। इसके साथ ही तय प्रावधानों के तहत 150 अभ्यर्थियों की सूची रिजर्व रखी गयी है। रिजर्व सूची में शामिल 150 अभ्यर्थियों में 75 सामान्य कोटि के, 14 ईबीएस कोटि के, 55 ओबीसी कोटि के, पांच एससी कोटि के एवं एक एसटी कोटि के हैं।

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज परीक्षा, 2020 में पहला स्थान शुभम कुमार को, दूसरा स्थान जागृति अवस्थी को, तीसरा स्थान अंकिता जैन को, चौथा स्थान यस जलुका को, पांचवां स्थान ममता यादव को, छठा स्थान मीरा के. को, सातवां स्थान प्रवीण कुमार को, आठवां स्थान जिवानी कार्तिक नगजीभाई को, नौवां स्थान अपला मिश्रा को एवं 10वां स्थान सत्यम गांधी को मिला है। 11वें स्थान पर देवयानी, 12वें स्थान पर मिथुन प्रेमराज, 13वें स्थान  पर गौरव बुदानिया, 14वें स्थान पर करिश्मा नायर, 15वें स्थान पर रिया दाबी, 16वें स्थान पर अर्थ जैन, 17वें स्थान सार्थक अग्रवाल, 18वें स्थान पर राधिका गुप्ता, 19वें स्थान पर शाश्वत त्रिपुरारी एवं 20वें स्थान पर पी. सृजा शामिल हैं।