पटना

बिहार के सभी गांव मुख्य मार्ग से जुड़ेंगे


      • बिहार में बिछेगा सडक़ों का जाल : नितिन नवीन
      • बंटवारा न होने के कारण बढ़ रहे हैं भूमि विवाद : रामसूरत राय

(आज समाचार सेवा)

पटना। सूबे के सभी गांव मुख्य मार्ग से जुड़ेंगे। सूबे में सडक़ों का जाल बिछेगा। यह दावा आज पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने किया। वे भाजपा के सहयोग कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सूबे की सभी सडक़ों को दुरुस्त किया जायेगा। बरसात और बाढ़ में जो सडक़ें टूट गयी हैं, उन्हें बनाया जायेगा। केंद्र सूबे की सडक़-पुलों के निर्माण के लिए सहयोग कर रही है। एनडीए प्रशासन में सडक़ पुलों का बिहार में बड़े पैमाने पर निर्माण हुए हैं। पथ निर्माण विभाग सडक़-पुलों के निर्माण में लगा है।

कार्यक्रम में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय ने कहा कि आपसी जमीन बंटवारा न होने के कारण जमीन विवाद के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूबे का विकास हुआ, इस लिए जमीन की कीमतें बढ़ रही हैं। भू-माफिया परिवार में विवाद पैदा कर दखल-कब्जा कर रहे हैं। इस प्रॉबलम को दूर करने के लिए ‘एरियल-सर्वे’ एवं ‘फिजिकल सर्वे’ का काम चल रहा है। ऑनलाइन माध्यम से जमीन का रसीद कटवाने की व्यवस्था सरकार ने की है।

सहयोग कार्यक्रम में परसाबाजार पटना के भुनेश्वर चौधरी, पटना विद्यापति मार्ग के त्रिपुरारी सिंह, कटिहार के कैलाश प्रसाद महतो, मधुबनी के मजुमदार, भागलपुर के निलेश मजूमदार, अरवल के आनंद अमरजीत कुमार, बिहारशरीफ के इन्दु मोहन सिंह, पटना संपतचक के अरुण कुमार सिंह और पटना के आनंद कुमार मिश्रा, आरा के महावीर पासवान आदि ने जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण और जमाबंदी आदि को लेकर अपनी शिकायत दर्ज करायी।