पटना

बिहार में एक मई से शुरू होने वाले 18 साल से ऊपर वाले लोगों के वैक्सीनेशन अभियान पर लगा ग्रहण


पटना। एक मई से शुरू होने वाला वैक्सीनेशन अभियान पर ग्रहण लगता दिख रहा है। अभी तक बिहार को वैक्सीन की आपूर्ति नहीं हो पायी है। जिस कारण 1 मई से शुरू होने वाले अभियान पर सस्पेंस बरकरार है। वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने कारण अभियान पर रोक लगाए जाने की बात सामने आ रही है। 18 से 44 साल के उम्र के लोगों को टीका लगाना था। जिसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू हो गयी थी।

बता दें कि बिहार समेत पूरे देश में टीकाकरण के तीसरे चरण की तारीख 1 मई घोषित की गयी है। लेकिन कई राज्यों में अभी तक वैक्सीन नहीं आपूर्ति हुई है। बिहार सरकार ने युवाओं को फ्री में टीकाकरण देने की घोषणा की है। जिसके लिए वैक्सीन बनाने वाली कंपनी को 1 करोड़ टीके का ऑर्डर दिया गया है। उम्मीद थी की ऑर्डर के टीके समय से पहले पहुंच जाएंगे, लेकिन ऐसा अभी तक संभव नहीं हो सका।

बिहार में लगातार संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर जारी ताजा आंकड़ा के अनुसार पिछले 24 घंटे में 13089 नये मरीज मिले हैं। इसके साथ ही पूरे बिहार का आंकड़ा 100821 तक पहुंच गया है। गुरूवार शाम 4 बजे तक पिछले 24 घंटे में कुल 97,972 सैम्पल की जांच हुई है। अबतक कुल 351162 मरीज ठीक हुए हैं। जबकि रिकवरी प्रतिशत 77.27 है।

बढ़ते संक्रमण की चेन को तोड़ने को लेकर सरकार ने और सख्ती बढ़ा दी है। बिहार में 12 घंटे का नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। आज से ही पूरे बिहार में धारा 144 लागू हो गया। शाम 6 बजे से सुबह के 6 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। जबकि शाम 4 बजे ही सभी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद करने का आदेश जारी किया गया है। हालांकि इन पाबंदियों से आवश्यक सेवाओं को बाहर रखा गया है।