पटना

बिहार में मानसून 22 दिनों तक नाराज


पटना (आससे)। बिहार मानसून कमजोर पडऩे के कारण २२ दिनों तक वर्षा नहीं होगी। वैसे कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है, यह वर्षा खत के लिए पर्याप्त नहीं होगी। जिस जिले में वर्षा होने की उम्मीद है, उसमें पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, दरभंगा, सीतामढ़ी, मधुबनी पूर्वी व पश्चिमी चंपारण शामिल है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून की टर्फ रेखा अमृतसर, करनाल, अलीगढ़, सुल्तानपुर, जमशेदपुर, चांदवली होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी की ओर गुजर रही है। चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र पश्चिमी बंगाल एवं बंगलादेश के समीपवर्ती क्षेत्र में बना हुआ है। इस कारण से बिहार के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है और मानसून सक्रिय नहीं रहेगा। मानसून कमजोर होने से गर्मी बढ़ेगी। इससे संक्रमता का खतरा भी बढ़ेगा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले २२ दिनों तक बिहार में मानसून कमजोर रहेगा। जहां वर्षा होने की उम्मीद है, वहां थोड़ी राहत मिलेगी। शेष क्षेत्रों में कृषि कार्य तथा स्वास्थ्य पर असर पड़ेगा। गुरुवार को राजधानी में तेज धूप रहने के कारण उमस भरी गर्मी रही।

फुलवारीशरीफ आससे के अनुसार राजधानी पटना सहित सूबे के आसपास के जिलों में लगातार मौसम बदल रहा है। ऐसे में लोग वायरल फीवर खांसी, सर्दी की चपेट में आ रहे हैं। बदलते मौसम में लोगो को बेवजह धूप में जाने से निकलने से बचने को हिदायत चिकित्सकों द्वारा दी जा रही है। ऐसे उमस और गर्मी के मौसम को देखते हुए अभी बारिश के आसार भी नहीं नजर आ रहै हैं।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार एक-दो दिनों में स्पष्ट होगा कि 25 के बाद किन-किन जिलों में बारिश की संभावना ज्यादा या कम बन रही है। अभी मौसम विज्ञान केंद्र से अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बंगाल की खाड़ी में दबाव की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश कम होने से सूबे में गर्मी और उमस बढ़ेगी। जुलाई के अंत में सूबे में बारिश के आसार तभी होंगे, जब खाड़ी में कम दबाव वाला नया क्षेत्र विकसित होगा।

हालांकि अगले पांच दिनों तक राज्य में कहीं-कहीं आंशिक रूप से बारिश की संभावना है। मालूम हो कि सूबे में बीते एक सप्ताह से मानसून सक्रिय था। इस कारण पटना समेत राज्यभर में अच्छी बारिश दर्ज की गई। उत्तर और दक्षिण बिहार में कई जगहों पर भारी बारिश हुई। इससे किसानों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार 26 से 28 तक बारिश के आसार बन रहे हैं।