पटना

बिहार में 25 से हीट वेव का पुर्वानुमान


पटना (आससे)। बिहार के मौसम में पिछले 2 दिनों की राहत के बाद एक बार फिर से तापमान बढऩे लगा है। शुक्रवार को राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, आने वाले दो से तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री तक तापमान बढऩे की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश में सर्वाधिक तापमान औरंगाबाद में 41.1 डिग्री सेल्सियस दिन के 2:00 से 3:00 बजे के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की माने तो आने वाले 3 से 4 दिनों में एक बार फिर से प्रदेश में हीटवेव की शुरुआत हो जाएगी। बिहार के कई जिलों में बीते दिनों हुए बारिश के वजह से 2 दिन तापमान सामान्य से दो से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत भी मिली लेकिन अब फिर से एक बार गर्मी लोगों को परेशान करने वाली है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक आशीष कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात तक प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। जिसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया था लेकिन शनिवार से प्रदेश के तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी शुरू होगी।

अगले 4 से 5 दिनों में एक बार फिर से पूरे राज्य में हीटवेव की संभावना है। हीटवेव में पछुआ हवा के कारण दक्षिण बिहार अधिक प्रभावित होगा। हवा के प्रवाह की बात करें तो गुरुवार तक पुरवा हवा चल रहा था लेकिन अब हवा का रुख बदल रहा है। आज कई इलाकों में पछुआ हवा बहना शुरू हो गई है। शनिवार से पूरे प्रदेश में पछुआ हवा का प्रवाह शुरू हो जाएगा। पटना का सामान्य तापमान अप्रैल महीने का 37 डिग्री सेल्सियस है। पिछले 30 साल के तापमान के आंकड़ों को देखते हुए सामान्य तापमान तय किया जाता है और आने वाले दिनों में यह 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ेगा।