पटना

बेनीपट्टी: महमदपुर कांड के आरोपी प्रवीण-भोला सिंह समेत छह गिरफ्तार


      • बिस्फी के रघौली में छुपा था कांड के आरोपी
      • आपसी वर्चस्व को लेकर हुई थी होली के दिन घटना : आईजी

बेनीपट्टी (मधुबनी)। आखिरकार, पुलिस ने महमदपुर कांड के मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली। पुलिस ने महमदपुर कांड के मुख्य आरोपित प्रवीण झा, भोला सिंह, कमलेश सिंह, मुकेश साफी समेत छह लोगों को बिस्फी के रघौली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस पूछताछ कर रही है। गिरफ्तारी की पुष्टि दरभंगा रेंज के आईजी अजिताभ  कुमार ने की है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपितों ने पुलिस को घटना की कई अहम जानकारी दी है। जिस पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद से आरोपित लगातार इधर से उधर भटक रहा था। जबकि, पूरी चर्चा थी कि आरोपित नेपाल भाग गया है। उधर, पुलिस ने मुख्य आरोपितों के गिरफ्तारी के बाद कुछ राहत की सांस ली है। हालांकि, आईजी ने बताया कि अभी भी छापेमारी कई टीम कर रही है। कांड के एक-एक आरोपितों को गिरफ्तारी अहम है। किसी भी आरोपितों को बख्सा नहीं जाएगा।

बता दे कि आरोपितों ने गत 29 मार्च को बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में खूनी होली खेलते हुए छह लोगों को गोली मारकर जख्मी कर दिया। जिसमें दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य जख्मियों की मौत इलाज के दौरान अलग-अलग दिन में हुई। पुलिस ने घटना के साथ दस आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन, कांड के मुख्य आरोपित प्रवीण झा, नवीन झा, भोला सिंह की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की परेशानी बढ़ रही थी।

आपसी वर्चस्व को लेकर हुई थी होली के दिन घटना : आईजी

महमदपुर के गोलीबारी व हत्याकांड के मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद दरभंगा रेंज के आईजी अजिताभ कुमार बुद्धवार को बेनीपट्टी पहुंच कर एसपी व पुलिस पदाधिकारियों के साथ कांड के अद्यतन कार्रवाई की जानकारी ली। आईजी ने बलवा तालाब के संबंध में भी जानकारी ली। आईजी ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि अब तक के जांच में मामला आपसी वर्चस्व को लेकर हुआ है। एक पक्ष के संजय सिंह अभी भी जेल में है। जिस पर कई केस है।

वहीं दूसरा पक्ष के प्रवीण झा मुखिया का चुनाव लड़ना चाह रहा था। राजनीति में भी जाने की प्रयास कर रहा था। आईजी ने बताया कि होली के दिन भोला सिंह से झगड़ा होने के बाद भोला सिंह ने दूसरे आरोपित प्रवीण झा समेत अन्य को बुलाकर घटना को अंजाम दिया। वहीं आईजी ने बताया कि घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी कहा गया है।

चूंकि, एक आरोपित के घर खून मिले थे ओर घटनास्थल पर भी खून मिला था। वहीं मामले का सुपरविजन के लिए एसपी को कहा गया है। उन्होंने कहा कि कांड में संलिप्त एक भी आरोपी बख्से नहीं जाएंगे। मौके पर एसपी डॉ सत्यप्रकाश, डीएसपी अरुण कुमार सिंह, कांड के आईओ मृत्युजंय कुमार आदि कई पुलिसकर्मी मौजूद थे।