News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

मणिपुर: केंद्रीय मंत्री गडकरी बोले- हम अल्पसंख्यकों के खिलाफ नहीं, गरीबी के खिलाफ लड़ना चाहते हैं


इम्‍फाल, एजेंसियां। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मणिपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व की कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि 1947 के बाद बहुत सरकारें आईं लेकिन कांग्रेस ने पूर्वोत्तर के विकास को कभी प्राथमिकता नहीं दी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार भाजपा ने इस क्षेत्र का विकास करना शुरू किया है। गडकरी ने यह भी कहा कि भाजपा अल्पसंख्यकों के खिलाफ नहीं है। हम गरीबी के खिलाफ लड़ना चाहते हैं।

नितिन गडकरी ने कहा कि कुछ लोग पार्टी पर झूठे आरोप लगा रहे हैं कि हम अल्पसंख्यकों के खिलाफ हैं। हम धर्म, पंथ, जाति, लिंग के आधार पर कभी भेदभाव नहीं करते हैं। भारत में भले ही लोगों का धर्म, पंथ, जाति, लिंग अलग हो सकते हैं लेकिन सभी भारतीय हैं। भाजपा गरीबी और बदहाली के खिलाफ लड़ना चाहती है। मणिपुर के समर्थन के बिना हम आत्मानिर्भर भारत की सफलता की कल्पना नहीं कर सकते हैं।

गडकरी ने कहा कि हमारी सरकार मणिपुर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। हमारी सरकार की ओर से मणिपुर में राजमार्गों के निर्माण के लिए कई परियोजनाओं की घोषणा की गई है। यह विधानसभा चुनाव किसी राजनीतिक दल का नहीं है। यह चुनाव मणिपुर का भविष्य बनाने वाला है। भाजपा आम लोगों की पार्टी है। भाजपा राष्‍ट्र के बारे में सोचती है। हमारी सरकार पूर्वोत्तर के साथ भेदभाव नहीं करती है।