News TOP STORIES नयी दिल्ली

मनीष तिवारी को किशन रेड्डी का जवाब- दुरुपयोग पर न बोेले कांग्रेस, वाजपेयी-आडवाणी को डाला था जेल में


नई दिल्ली,। Parliament Update Live: संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण चल रहा है। इस चरण में काम कम और हंगामा ज्यादा देखने को मिला। आज सुबह 11 बजे संसद की कार्यवाही शुरू होनी है और मंगलवार को भी बजट सत्र के दौरान हंगामे की पूरी उम्मीद है। संसद में आज निजीकरण के खिलाफ बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के मसले को उठाया जा सकता है। बता दें कि बैंक कर्मचारी दो दिनों की हड़ताल पर हैं। वहीं, इस मुद्दे से पहले भी संसद के दोनों सदनों में कई मुद्दों को लेकर हंगामा हुआ। इनमें किसानों का मसला व महंगे होते पेट्रोल-डीजल का मुद्दा था। मंगलवार की कार्यवाही पर से पहले इंटर पार्लियामेंट्री यूनियन(IPU) के अध्यक्ष दुआरते पशेको ने सांसदों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत दोस्त नहीं भाई है।

-केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा, ‘भारतीयों के खर्च पर अन्य देशों में टीके नहीं भेजे जा रहे हैं। उच्चतम स्तर पर विशेषज्ञ और सरकार की एक समिति इसके बारे में अच्छे से संतुलन बनाए हुए है। बीते दिन 30,39,394 लोगों को टीका लगाया गया। हमने अब तक 3 करोड़ का कुल आंकड़ा (टीकाकरण) छू लिया है।’

-MoS MHA जी किशन रेड्डी ने कांग्रेस नेता मनीष तिवारी के सेडिशन लॉ पर जवाब देते हुए लोकसभा में कहा, ‘कांग्रेस दुरुपयोग के बारे में जितना कम बोले, उतना ही अच्छा है। आपने जेएस नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और अन्य को MISA (आंतरिक सुरक्षा अधिनियम का रखरखाव) का दुरुपयोग करके जेल में डाल दिया। कांग्रेस को लोकतंत्र पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।’ उन्होंने आगे कहा कि आपने टाडा (आतंकवादी और विघटनकारी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम) के तहत 1980 में इतने लोगों को जेल में डाला। आपने MISA के तहत पत्रकारों, छात्रों, राजनेताओं को जेल में डाल दिया।

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद के सेंट्रल हॉल में इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन के अध्यक्ष दुआरते पशेको के साथ। उनका संबोधन खत्म हुआ।

-दुआरते पशेको बोले- संयुक्त राष्ट्र में, पुर्तगाल सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के रूप में सुधार प्रक्रिया और भारत को शामिल करने का समर्थन करता है।

-द्रमुक सांसद दयानिधि मारन ने लोकसभा में लोकसभा में नोटिस दिया है, जिसमें पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि पर चर्चा की मांग की है।

-इंटर पार्लियामेंट्री यूनियन(IPU) के अध्यक्ष दुआरते पशेको बोले- भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, भारत अपने लोगों की राजनीतिक और धार्मिक आस्था का सम्मान करता है। प्रधानमंत्री आपके नेतृत्व में पिछले वर्षों में भारत में काफी आर्थिक और सामाजिक प्रगति हुई है।

-कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने देश के नागरिकों का टीकाकरण पूरा करने से पहले ‘COVID19 वैक्सीन की आपूर्ति विदेशों में करने के मुद्दे पर राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया है।’

-इंटर पार्लियामेंट्री यूनियन(IPU) के अध्यक्ष दुआरते पशेको संसद भवन में सांसदों को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘इंटर पार्लियामेंट्री यूनियन(IPU) संसदीय कूटनीति की सबसे पुरानी संस्था है, इंटर पार्लियामेंट्री यूनियन 130 साल पुरानी संस्था है। IPU ने अपने कामों की वजह से दो नोबेल शांति पुरस्कार जीते। IPU सबके लिए लोकतंत्र की रक्षा करता है।’

पशेको बोले- ‘हमारे 2 देशों के बीच विशेष संबंध हैं। पुर्तगाल और भारत के बीच 500 से अधिक वर्षों पुराने संबंध हैं, इसलिए हम एक-दूसरे को इतना बेहतर जानते हैं कि मैं कह सकता हूं कि हम सिर्फ दोस्त नहीं हैं, हम भाई हैं।’

-राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में ‘निजीकरण के खिलाफ बैंक कर्मचारियों की हड़ताल और आंदोलन’ पर शून्यकाल नोटिस दिया है।

-लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, ‘भारत दुनिया का सबसे बड़ा कामकाजी लोकतंत्र है और देश के 130 करोड़ नागरिकों का प्रतिनिधित्व करता है। स्वतंत्रता के पिछले 74 वर्षों में, हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली केवल मजबूत हुई है। हम अब आजादी के 75 वर्ष मना रहे हैं। यह सेंट्रल हॉल स्वतंत्रता का गवाह है।’

-लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने इंटर पार्लियामेंट्री यूनियन(IPU) के अध्यक्ष दुआरते पशेको का संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में स्वागत किया। वे थोड़ी देर में सांसदों को संबोधित करेंगे।

-निजीकरण के खिलाफ बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के मुद्दे पर लोकसभा में कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने स्थगन नोटिस दिया है।

-राज्यसभा में राजद सांसद मनोज झा ने भी निजीकरण के खिलाफ बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के मुद्दे पर नोटिस दिया है।