पटना

महाअष्टमी पर मुख्यमंत्री ने मां से राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की


सीएम ने मां भगवती शीतला माता, बड़ी पटनदेवी एवं छोटी पटनदेवी की पूजा-अर्चना की

पटना (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवरात्रा पर्व की महाअष्टमी के दिन अगमकुआँ स्थित शीतला माता मंदिर जाकर माँ शीतला देवी, पटना सिटी स्थित बड़ी पटनदेवी मंदिर एवं छोटी पटनदेवी मंदिर जाकर पूजा अर्चना की। पुरोहितों ने मंत्रोचार के साथ मुख्यमंत्री को विधिवत पूजा करायी। मुख्यमंत्री ने माँ शीतला देवी, मॉ बड़ी पटनदेवी एवं मॉ छोटी पटनदेवी से राज्य की सुख समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मारूफगंज स्थित श्री श्री बड़ी देवी जी तथा श्री श्री दलहट्टा देवी जी जाकर मों भगवती दुर्गा की भी पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को मारूफगंज मारवाड़ी सेवा समिति द्वारा अंगवस्त्र, पाग एवं प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। पूजा अर्चना के दौरान शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, पटना नगर निगम की महापौर श्रीमती सीता साहू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, पटना रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजय सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी श्री चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

पूजा अर्चना के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग महाअष्टमी के दिन दर्शन करने के लिए यहां आते रहे हैं। पिछली बार कोरोना के कारण सबकुछ प्रतिबंधित था, जिसके कारण नहीं आ पाये थे। आज पुन: यहां आने पर मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है।

इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज महाअष्टमी के अवसर पर दुर्गा पूजा समिति खाजपुरा, श्री श्री दुर्गा पूजा समिति शेखपुरा के पंडाल में जाकर मां दुर्गा का दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी प्रबंध न्यास समिति स्थित मां दुर्गा मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की और देश एवं प्रदेश की प्रगति की कामना की। पूजा समिति की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का चुनरी ओढ़ा कर स्वागत किया गया।

ठाकुरबाड़ी में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री ने नाला रोड स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम पर मातारानी का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। आयोजक मंडल ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं पुस्तक भेंटकर उनका अभिनंदन किया। यहां से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बंगाली अखाड़ा स्थित लंगरटोली दुर्गा मंदिर गये जहां उन्होंने देवी दुर्गा के महागौरी स्वरूप के दर्शन किये।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बांस घाट स्थित काली मंदिर जाकर शक्ति की देवी मां दुर्गा के दर्शन किये और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र शर्मा सहित दुर्गा पूजा समिति के अन्य सदस्यगण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष कोरोना माहामारी के कारण दुर्गा पूजा समारोह का आयोजन नहीं हो सका था। इस बार सरकार ने दुर्गा पूजा की अनुमति दी है और सभी जगहों पर बहुत ही अच्छे ढंग से लोग पूजा कर रहे हैं। पूजा पंडालों में आकर हमलोगों को काफी खुशी होती है। बिहारवासियों को मेरी तरफ से दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं।