पटना

‘मां से मिलती है विज्ञान की पहली शिक्षा’


(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। विज्ञान की पहली शिक्षा मां देती है। पिता उस ज्ञान पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप में उतारना ही विज्ञान है। ये बातें बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राज्यवर्धन आजाद ने कहीं। डॉ. आजाद सोमवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर यहां ए. एन. कॉलेज में ‘सतत भविष्य के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी में एकीकृत दृष्टिकोण’ पर बोल रहे थे। डॉ. आजाद ने कहा कि विद्याथिर्यों से संवाद करना अच्छा लगता है। विज्ञान विषयों की सीमाओं से परे है। सभी विषयों में अंतर्निहित विशिष्ट ज्ञान को ही विज्ञान कहते हैं।  उन्होंने युवाओं को नये-नये विषयों पर अनुसंधान के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य प्रो. एस. पी.शाही ने कहा कि विज्ञान एवं तकनीक के विकास से होने वाले लाभों के प्रति समाज में जागरूकता उत्पन्न करने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से  हर वर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। महाविद्यालय लगातार तीन बार नैक से ए ग्रेड प्राप्त करता आ रहा है। इस बार राज्यपाल के द्वारा महाविद्यालय को बेस्ट कॉलेज का अवार्ड दिया गया है। इस उपलब्धि को कायम रखने तथा और भी बेहतर करने हेतु सभी के सम्मिलित प्रयास की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन जंतु विज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रो.प्रीति सिन्हा ने किया।

धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शबाना करीम ने किया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्राणीशास्त्र विभाग की सोनल यादव तथा रसायन शास्त्र विभाग की सुमोली चैटर्जी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भूगोल विभाग की आकांक्षा प्रिया तथा कृतिका मुखर्जी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रसायनशास्त्र विभाग की शैली सिंह तथा प्राणीशास्त्र विभाग के आकाश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज में मोहित कुमार ने प्रथम, ओंकारनाथ कुमार तथा आकाश कुमार ने द्वितीय, शिल्पी रे, उत्पल रे, रिशु रंजन और इंतेखाब आलम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रधानाचार्य ने सेवानिवृत्त प्राध्यापक प्रो. अरुण कुमार सिन्हा तथा प्रो.जयंत कुमार को शॉल तथा मोमेंटो देकर सम्मानित किया। प्रो.चंद्रावती कुमारी द्वारा लिखित पुस्तक ‘पर्यावरण अध्ययन’ का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर प्रो. अजय कुमार, प्रो.शंभुनाथ मिश्रा, प्रो. पूनम जायसवाल, प्रो. चंद्रावती कुमारी, डॉ. अशोक कुमार सिन्हा,डॉ. मोतिउर रहमान, प्रो.रीता सिन्हा, प्रो.तृप्ति गंगवार, डॉ. सुभाष प्रसाद सिंह, डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. नूपुर बोस, डॉ. सीमा शर्मा एवं डॉ. सुशील सिंह भी उपस्थित थे।