पटना

मुजफ्फरपुर: धान क्रय की गति में तेजी लाने का डीएम ने दिया निर्देश


मड़वन में व्यापार मंडल और पैक्स के निरीक्षण के दौरान बोले: जरूरत हो तो अतिरिक्त भंडार की व्यवस्था करें, लक्ष्य हर हाल में पूर्ण हो 

मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने गुरूवार को मड़वन व्यापार मंडल तथा मोहम्मदपुर सूबे पैक्स धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से की जा रही धान अधिप्राप्ति का जायजा लिया। व्यापार मंडल/पैक्स के द्वारा समस्या संज्ञान में लाई गई कि एसएफ़सी में धान को चावल के रूप में स्वीकार करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि उनका गोदाम भरा हुआ है।

जिलाधिकारी द्वारा एसएफसी को निर्देश दिया कि आवश्यकतानुसार गोदामों की व्यवस्था कराते हुए इस सबन्ध मे अग्रेतर करवाई करना सुनिश्चित किया जाए। बताया गया कि अतरिक्त गोदामो की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है।

मड़वन व्यापार मंडल के स्टॉक में 806 क्विंटल धान एवं मोहम्मदपुर सूबे पैक्स में 1209 क्विंटल धान गोदाम में था। जिलाधिकारी द्वारा धान क्रय में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में कार्य में गति लाने का निर्देश जिलाधिकारी के द्वारा दिया गया।

वही इस संबंध में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित कुल लक्ष्य 50, हजार मीट्रिक टन के विरुद्ध अभी तक 35 हजार मीट्रिक  टन धान की खरीद की जा चुकी है जो कि लक्ष्य का 70% है।

बताया कि अभी तक 6100 किसानों से धान की खरीद की गई है। किसानों को अभी तक 55 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया है। उन्होंने बताया कि धान का क्रय तेजी से किया जा रहा है। बताया कि उम्मीद है कि 100% लक्ष्य की प्राप्ति निर्धारित समय तक कर ली जाएगी।