पटना

मुजफ्फरपुर: मुरौल क्षेत्र में टीकाकरण जागरूकता को प्रचार वाहनों को रवाना किया गया


मुजफ्फरपुर। कोविड-19 टीकाकरण को लेकर सघन जागरूकता अभियान के मद्देनजर 09 प्रचार वाहनों को जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरौल के परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उक्त सभी वाहन आगा खान ग्राम संगठन (भारत) के द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं, जिसके माध्यम से मुरौल के सभी पंचायतों,वार्ड, गांव और टोलों में सघन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मुरौल प्रखंड के साथ अन्य प्रखंडों में भी लगातार कोविड-19 टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी पर नियंत्रण में सरकार के विभिन्न विभागों के अलावे सामाजिक संस्थाएं और संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 टीका हम सभी के लिए सुरक्षा कवच है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का टीकाकरण हो यह हमारा उद्देश्य है। मौके पर उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, सहायक समाहर्ता के साथ अन्य वरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।