पटना

मुजफ्फरपुर: लखनदेई नदी पर बसुआ गांव में तटबंध टूटा, सुंदर खोली में चचरी पुल भी ध्वस्त


निचले हिस्से में तेजी से फैल रहा बाढ़ का पानी 

औराई (मुजफ्फरपुर)(आससे)। बागमती का जलस्तर  घटा वही लखनदेई एवं मनुषमारा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रखंड के बसुआ गांव में लखनदेई नदी का तटबंध दस फीट में टूट जाने से बसुआ गांव के निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है। सुंदरखोली गांव में क्षतिग्रस्त तटबंध से पानी बहाव के कारण एक दर्जन घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है।  नव निर्मित चचरी पुल भी पानी के दबाव में बह गया। जिससे विस्थापित परिवार ऊंचे स्थानों पर शरण ले रखे हैं। मनुषमारा नदी से धरहरवा एवं घनश्यामपुर पंचायत क्षेत्रों में पानी का बहाव तेज है। ग्रामीण सड़कों एवं दर्जनों घरों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश करने की सूचना है।

लखनदेई नदी का तटबंध रामखेतारी से लेकर कटरा प्रखंड के बरैठा तक कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त तटबंध से पानी का बहाव शुरू हो चुका है। जलस्तर बढ़ जाने से मरम्मत किए गए तटबंध पर भी दबाव बना हुआ है। जिस पर प्रशासन ने विभाग को सतर्क कर दिया है। लखनदेई नदी का जलस्तर अगर बढ़ता ही रहा तो सैदपुर-औराई-डूमरी पीडब्ल्यूडी सड़क के बैगना गांव के नजदीक पानी चढ़ने की संभावना बन रही है। लखनदेई नदी का पानी बरैठा उपधारा से तेज गति से फैलता हुआ कटरा प्रखंड के खंगुरा, परसौल, चंगेल पंचायतों में फैलाना शुरू हो चुका है।

औराई प्रखंड क्षेत्रों में एक दर्जन स्थानों पर सामुदायिक किचन, अंचल प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा है। उन्हीं बाढ़ से विस्थापित परिवारों के बीच चुरा-गुड का पैकेट का वितरण भी किया गया। इधर  सुंदरखौली घाट पर नाव सेवा बहाल प्रशासन द्वारा  देर शाम कर दिया गया है। सीओ ज्ञानानंद ने बताया कि जहां पर चचरी पुल बह गया था। सुंदरखौली घाट पर नाव सेवा बहाल कर दिया गया है।