Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली पटना बिहार

यूपी, बिहार समेत 14 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, अंडमान सागर में आज पहुंचेगा मानसून


टाक्टे तूफान गुजर गया, लेकिन मौसम पर इसका असर अब भी साफ देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्य ऐसे हैं जहां आने वाले दिनों में मौसम बिगड़ सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में देश के करीब 14 राज्यों में बहुत भारी वर्षा होने की आशंका है। ये राज्य हैं- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तमिलनाडु, पुडुचेरी, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार। इनमें से कुछ राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गरज के साथ तेज हवा चलने की संभावना है।

दिल्ली और आसपास हो रही बारिश: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों से खबर है कि शुक्रवार सुबह से यहां बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, ठंडी हवाओं के साथ हो रही बारिश के चलते मई के महीने में गर्मी दिल्लीवासियों को काफी राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के अधिकतर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता और गरज के साथ बारिश हुई है। वहीं 30 से 60 किमी / घंटा की गति के साथ तेज हवाएं चल रही है।

इस बीच, दक्षिण पश्चिमी मानसून को लेकर खबर है कि भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्वी पश्चिम बंगाल में 21 मई को मानसून आने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले दो हफ्ते में 27 मई से दो जून के बीच केरल के ऊपर छा जाने की पूरी उम्मीद है। उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर हल्का दबाव बनने वाला है। इसी के साथ ही बंगाल की खाड़ी के पूर्वी केंद्र में 22 मई से हल्का दबाव रहेगा। जबकि 24 मई को चक्रवाती तूफान के तेज होने की आशंका है। 26 मई की सुबह को उत्तर पश्चिमी दिशा में बंगाल की खाड़ी के निकट ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट तक पहुंचेगा। अंडमान और निकोबार तक मानसून के 23 मई तक आने के आसार हैं। इससे साफ है कि भारतीय उपमहाद्वीप तक मानसून जल्दी ही आ जाएगा। मौसम विभाग ने पहले ही बता दिया है कि इस साल मानसून सामान्य रहेगा।