News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

रक्षा से जुड़े हर क्षेत्र में सहयोग प्रगाढ़ करेंगे भारत और अमेरिका


नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच सुरक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग को और प्रगाढ़ किया जाएगा। यह सहयोग साथ मिलकर नए अत्याधुनिक सैन्य साजो-सामान के निर्माण से लेकर दोनों देशों के विशेष सैन्य बलों के बीच सामंजस्य को बेहतर बनाने तक होगा। दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के इस्तेमाल की जरूरत को देखते हुए हर वर्ष बातचीत करने का एक ढांचा तैयार किया गया है जिसकी शुरुआत इसी वर्ष होगी। दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग में एक दूसरे के साथ सूचनाओं को और तेजी से साझा करने पर भी सहमति बनी है। दोनों देशों के विदेश व रक्षा मंत्रियों के बीच सोमवार को हुई टू प्लस टू वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में यह जानकारी दी गई है।

एक दशक पहले तक भारत अमेरिका से कोई भी रक्षा खरीद नहीं करता था, लेकिन आज की तारीख में अमेरिका भारत का एक प्रमुख रक्षा उपकरण आपूर्तिकर्ता देश बन गया है। सैन्य क्षेत्र में सहयोग पर हुई बातचीत के बारे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अमेरिका हमारा रणनीतिक साझीदार देश है और मैंने अमेरिकी कंपनियों को भारत के रक्षा क्षेत्र में निवेश करने व विकास के लिए आमंत्रित किया है। अमेरिकी कंपनियां भारत में हर तरह के सैन्य उपकरण बना सकती हैं। हम साझा लक्ष्यों को लेकर काम कर रहे हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थायित्व और संपन्नता के लिए भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी बहुत ही महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त बैठक में भारत के पड़ोसी देशों की स्थिति के बारे में भी चर्चा हुई।