पटना

राजगीर: वीरायतन संस्थापिका आचार्य श्री चंदना जी का 85वां जन्मोत्सव मनेगा सादगी के बीच


23 से 25 जनवरी तक 500 असहाय लोगों के आंखों का ऑपरेशन निःशुल्क किया जायेगा 

राजगीर (नालंदा) (आससे)। वीरायतन के संस्थापिका सह प्रथम महिला जैनाचार्य श्री चंदना जी के 85वां जन्मोत्सव 26 जनवरी को सादगी पूर्ण वातावरण में सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। आचार्य श्री चंदना जी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे जन्म दिवस के अवसर पर 23 से 25 जनवरी तक 500 असहाय लोगों के आंखों का निशुल्क ऑपरेशन लेंस के साथ किया जाएगा। इसके लिए मरीजों का पंजीयन किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 के प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में 2 दिन निशुल्क मोतियाबिंद का ऑपरेशन भी किया जाता रहेगा। आचार्य चंदना श्री जी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश जी के नेतृत्व में जिस तरह राजगीर नालंदा के साथ-साथ पूरे बिहार का विकास हो रहा है वह काफी प्रशंसनीय है। आज यहां पर हर वह चीज है जो आने वाले वर्षों में पर्यटन के साथ-साथ रोजगार को बढ़ावा देगा और लोगों को रोजगार मिलेगा। अचार्य श्री चंद्रजी ने कहा कि जिस प्रकार बिहार में विकास हो रहा है तो ज्यादा संख्या में लोग यहां पर रहेंगे साथ ही उनके बच्चों के पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य की भी जरूरत होगी इसके लिए विरायतन ने सेवा देने के लिए पूरी तैयारी कर रखी है।

अचार्य श्री चंदना जी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानदंड के अनुसार टेन प्लस टू विद्यालय की स्थापना के साथ-साथ एक अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर की स्थापना की जा रही है जहां पर हर तरह की जांच की सुविधा होगी जिससे आने वाले वर्षों में राजगीर के निवासियों के लिए यह बड़ी सौगात होगी। आचार्य श्री चंदना जी ने कहा कि राजगीर की जंगल जड़ी बूटियों से भरा पड़ा है इन हसीन वादियों को भी ध्यान में रखते हुए यहां एक आयुर्वेद चिकित्सा अनुसंधान केंद्र औषधि निर्माण का कार्य भी जल्द प्रारंभ किया जाएगा। जो भविष्य में राजगीर आयुर्वेद चिकित्सा का एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।

इस अवसर पर उपाध्याय साध्वी ऐसा जी, साध्वी साधना जी, साध्वी चेतना जी, साध्वी विवाह जी, साध्वी शीला, पीजी डॉक्टर साध्वी प्रज्ञा जी, साध्वी संघमित्र जी, साध्वी रोहिणी जी के अलावे विरायतन प्रबंधक अंजनी कुमार उपस्थित रहे।