News TOP STORIES नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर मप्र कांग्रेस ने जतायी उपद्रव की आशंका


भोपाल, । 20 नवंबर को बुरहानपुर से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। प्रदेश कांग्रेस इसे लेकर 17 उप-यात्राएं निकाल रही है। विधानसभा में विपक्ष के नेता डा . गोविंद सिंह ने भी उप-यात्रा निकाली। ग्वालियर के महाराजपुर थाना इलाके में एक युवक कट्टा लेकर घुस गया।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान गड़बड़ी की आशंका

घटना की गंभीरता को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान गड़बड़ी की आशंका जताई। इसे लेकर डा. सिंह, विधायक जयवर्धन सिंह, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, और प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने यात्रा को लेकर संयुक्‍त बयान जारी कर सरकार से सुरक्षा की मांग की है।

असामाजिक तत्वों के सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रवेश पर रोक

पार्टी नेताओं का कहना है कि डा. सिंह के दौरे के दौरान जिस तरह की घटना सामने आई, उसे सामान्य नहीं कहा जा सकता। मध्‍य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यात्रा को लेकर इंदौर में प्रेस वार्ता कर रहे थे। उसी दौरान युवक के कट्टे लेकर उपयात्रा में शामिल होने की घटना घटी। आशंका जताई जा रही है कि यात्रा के मध्य प्रदेश में प्रवेश करने पर भाजपा असामाजिक तत्वों के माध्यम से अशांति पैदा कर सकती है।

यह भाजपा की जिम्मेदारी है कि सत्तारूढ़ दल होने के नाते वह राहुल गांधी की यात्रा को बिना किसी रुकावट के पूरा होने दें। राज्य में कानून व्यवस्था स्थापित करें और असामाजिक तत्वों को किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रवेश न करने दें। सरकार को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि यात्रा के लिए पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने का भी आग्रह किया ताकि यात्रा के दौरान कोई अप्रिय स्थिति पैदा न हो सके।