पटना

रुपौली: बाढ़ का दस्तक, क्षेत्रवासी पलायन को मजबूर


रुपौली (पूर्णिया)(आससे)। रूपौली प्रखंड क्षेत्र के दक्षिणी पूर्वी भाग में अवस्थित कोयली सिमड़ा पूरब और पश्चिम, भौवा प्रबल, बिजय मोहनपुर, बिजय लालगंज के निवासियों के खेत खलिहानों के साथ-साथ घर में बाढ़ का पानी घुस जाने से बेघर की जिन्दगी जीने की विवशता आन पड़ी।

गुरुवार के सुबह से ही बाढ़ का पानी तेज रफ्तार से बढ़ने के कारण सिमड़ा, टोपड़ा, साधुपुर,भौवा, बलिया, मंझोडीह और कोशकीपुर के निवासी उंचे स्थान की खोज में जहाँ भटकना शुरू कर दिए। वहीं इस बाढ़ बिभीषिका में भी अपने जान जोखिम में डालकर अपने डूबे घर के समानों और फसलों को नाव अथवा पैदल के सहारे एकत्रित करने में एड़ी चोटी एक कर समेटने का जद्दोजहद कर रहे हैं।

बता दें कि प्रखंड क्षेत्र के संभावित बाढ़ जैसी विभीषिका से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा साल दर साल अधिकारी-पदाधिकारी से लेकर चयनित जनप्रतिनिधियों ने किया और निजात का भरोसा भी क्षेत्रवासियों को दिया। किन्तु निराकरण के नाम पर आज तक सिर्फ भरोसा और दिलासा ही मिला। प्रखंड के कोयली सिमरा पूरब और पश्चिम, भौवाप्रबल, बिजय मोहनपुर तथा बिजय लालगंज पंचायत में अमूमन प्रत्येक वर्ष बाढ़ दस्तक देती है।

शुक्रवार के दोपहर से ही दो तीन जगहों पर बाढ़ का पानी लांघकर लोगों को और सकते में डाल दिया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों में बाढ़ जैसी विभीषिका से मुक्ति तो दूर  लड़ने की जानकारी नहीं रहने के आभाव में लोगो को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल समाचार प्रेषण तक प्रभावित इलाके से कोई जान माल की क्षति का समाचार नहीं मिला है। किन्तु स्थिति सुधरने के बजाय और भयावह ही होती जा रही है।

वहीं कोयली सिमड़ा पश्चिम की मुखिया श्रीमती सुनिता देवी, भौवा प्रबल की मुखिया मुन्नी खातून ने जिला प्रशासन से यथाशीघ्र बाढ़ पीड़ितों के जान माल की सुरक्षा के उचित कदम उठाने की मांग की है।