पटना

रूपौली: ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना का भौतिक निरीक्षण


रूपौली (पूर्णिया)(आससे)। प्रखंड क्षेत्र के अलग-अलग पंचायतों में वरीय उप समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी रुपौली अनुपम और प्रखंड विकास पदाधिकारी परशुराम सिंह के द्वारा मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना का भौतिक निरीक्षण किया।

भौतिक निरीक्षण सम्बंधित मिली जानकारी के अनुसार वरीय उप समाहर्ता अनुपम ने लक्ष्मीपुर गिरधर पंचायत के विभिन्न वार्डों में लगाए गए नल पीतल का लगा है या नहीं, जल की ससमय आपूर्ति, जल की गुणवत्ता, नल जल योजना निमित्त प्लांट का भी निरीक्षण अवलोकन किया। जबकि निरीक्षण के दौरान कनीय अभियंता मनरेगा मोहम्मद शाहबाज कैफ और कनीय अभियंता पी एच ई डी सत्य प्रकाश साथ थे।

वरीय उप समाहर्ता सह् नोडल पदाधिकारी रुपौली अनुपम ने बताया कि जांच के क्रम में बहुत जगहों पर सीमेंट वाली निर्मित चेंबर के ऊपर ढक्कन हटा था और कुछ जगहों पर ढक्कन था ही नहीं। कुछ जगहों पर पाइप लीकेज के कारण पेयजल की आपूर्ति बन्द थी। जबकि कुछेक जगहों पर प्लांट में ऑपरेटर नहीं थे। जिसे यथाशीघ्र सुधारने का निर्देश विभागीय कर्मियों को  दिया।

वहीं दूसरी ओर धूसर टीकापट्टी और धोबगिद्धा पंचायत के विभिन्न वार्डों में मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना का भौतिक जांच प्रखंड विकास पदाधिकारी परशुराम सिंह ने किया।बीडीओ रूपौली ने बताया कि धूसर टीकापट्टी पंचायत में निरीक्षण के दौरान यह शिकायत मिली कि पेयजल आपूर्ति के क्रम में पहले साफ पानी आता है जबकि बाद में गंदा पानी आने लगता है। जिसमें यथाशीघ्र सुधार करने का निर्देश पी एच ई डी कनीय अभियंता को दिया।