News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी

वाराणसी से भाजपा ने अशोक तिवारी को बनाया मेयर उम्मीदवार, मंत्री की पत्नी की कटा टिकट


लखनऊ : भाजपा ने काफी माथापच्ची और मैराथन बैठकों के बाद नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए अंतत: दस नगर निगमों के महापौर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा रविवार रात कर दी। इससे पहले रविवार को ही पार्टी ने पहले चरण के लिए 99 नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष और 10 नगर निगमों के पार्षद प्रत्याशियों के नामों की भी घोषणा की।

पार्टी ने की टिकटों की घोषणा

नगर पंचायतों के अध्यक्षों व सदस्यों और नगर पालिका परिषदों के सदस्यों के लिए पार्टी ने टिकटों की घोषणा क्षेत्रीय स्तर से की। पहले चरण के लिए सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन है। पार्टी ने दस में से नौ नगर निगमों में महापौर प्रत्याशी बदले हैं। इनमें से पांच नगर निगमों में महापौर पद के लिए आरक्षण बदला है। पांच नगर निगमों में आरक्षण यथावत रहने के बावजूद पार्टी ने मुरादाबाद को छोड़ बाकी चार मौजूदा महापौर के टिकट काट दिए हैं।

मंत्री की पत्नी का कटा टिकट

आरक्षण में कोई परिवर्तन न होने पर भी प्रयागराज की महापौर और औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ की पत्नी अभिलाषा गुप्ता का टिकट कट गया है। लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया को भी दोबारा मौका देने से परहेज किया। मेयर प्रत्याशियों के नामों पर केंद्रीय नेतृत्व की मुहर लगने के बाद दिल्ली से लौटे प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने रविवार रात इन नामों की सूची जारी की।

वाराणसी से अशोक तिवारी का कटा टिकट

प्रयागराज में महानगर अध्यक्ष उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी पर भरोसा जताया गया है। वाराणसी में क्षेत्रीय मंत्री अशोक तिवारी को टिकट दिया गया है। आगरा में पार्टी ने पूर्व विधायक हेमलता दिवाकर पर भरोसा जताया है। सहारनपुर में आरक्षण अपरिवर्तित रहने के बावजूद मौजूदा मेयर संजीव वालिया का टिकट काट कर ह्दय रोग विशेषज्ञ डा.अजय कुमार को प्रत्याशी बनाया गया है।

फिरोजाबाद नगर निगम की वर्तमान महापौर नूतन राठौर की जगह सजातीय पार्टी कार्यकर्ता कामिनी राठौर को महापौर प्रत्याशी बनाया गया है। मुरादाबाद के महापौर विनोद अग्रवाल अपना टिकट बचाने में कामयाब रहे। उन्हें पार्टी ने फिर से मौका दिया है। गोरखपुर में महापौर पद के लिए सीट अन्य पिछड़ा वर्ग से अनारक्षित होने पर पार्टी ने चिकित्सक और समाजसेवी डा.मंगलेश श्रीवास्तव को टिकट देकर मैदान में उतारा है।

मथुरा-वृंदावन में महापौर का पद अनुसूचित जाति से अनारक्षित होने पर भाजपा महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल को प्रत्याशी घोषित किया गया है। झांसी में भी आरक्षण में बदलाव होने के कारण पार्टी ने यहां पूर्व विधायक बिहारी लाल आर्य को उम्मीदवार बनाया है। यहां पहले महापौर पद अनारक्षित था जब अब अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गया है।