वाराणसी

विकास मॉडल बनी काशी-योगी


वाराणसी (का.प्र.) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे पर सोमवार को वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ चल रही योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी ली। इसकी गति जानी और इस पर संतुष्टिï भी जाहिर की। निर्देश दिया कि निर्धारित अवधि में कार्य पूरा होना चाहिये और जनता को इसका लाभ मिलना चाहिये। कहा कि काशी विकास का मॉडल हो गई है। बताया कि इस वर्ष के अंत तक 14 योजनाओं का कार्य पूरा कर लिया जायगा और जनता को इसका लाभ भी मिलने लगेगा। कहा कि वाराणसी के साथ ही पूरे पूर्वांचल को यहां की योजनाओं के पूर्ण होने के बाद इसका लाभ मिलेगा। यहां की जनता के साथ कई वर्षों से भेदभाव वाला रवैया अपनाया जा रहा था और वर्षों तक उपेक्षा की गई। लेकिन योजनाओं के पूर्ण होने के बाद स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा, मूलभूत सुविधाएं, परिवहन, पर्यटन, परंपरा और धर्म के साथ सभी क्षेत्रों में काशी की नई पहचान होगी। इससे बनारस और बेहतरी से चमकेगा। योजनाओं से लोगों का जीवन स्तर सुधरेगा और विकास में भी रफ्तार आयेगी। इसके अलावा अगले वर्ष के मध्य अवधि तक कई योजनाओं को पूरा कर लिया जायगा और इससे काशी की छवि विश्वस्तरीय हो जायगी। जनता को कई सहूलियत मिलने लगेगी और वाराणसी हर क्षेत्र में समृद्घ होगा। मुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कोरोना के मरीजों के इलाज के मरीजों के इलाज तथा कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियों के संबंध में जानकारी लेने के साथ कोल्ड चेन आदि की व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया। बैठक के बाद उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किया और टाउनहाल में बने शेल्टर होम में गये। यहां रह रहे लोगों का हाल जाना और अधिकारियों से उन्हें दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। बैठक में कमिश्नर और जिलाधिकारी ने जिले में हो रहे विकास कार्यों के संबंध में विस्तार से अवगत करते हुए समयसीमा के अंतर्गत विकास कार्यों एवं निर्माण परियोजनाओ को पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा कराए जाने का भरोसा दिया।
बनीं २८ नयी नगर पंचायतें, गोरखपुर – वाराणसी नगर निगम सीमाका विस्तार
लखनऊ (आससे) । राज्य सरकार ने प्रदेश में 28 नई नगर पंचायतें बनाने का फैसला किया है। गोरखपुर व वाराणसी नगर निगम के साथ नौ नगर पालिका परिषदों और 12 नगर पंचायतों का सीमा विस्तार किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कैबिनेट बाई सर्कुलेशन इन प्रस्तावों को मंजूरी दी। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने बताया कि प्रदेश में 276 राजस्व ग्रामों को शामिल करते हुए 28 नई नगर पंचायतें बनाई गई हैं। 77 राजस्व ग्रामों को शामिल करते हुए 12 नगर पंचायतों का सीमा विस्तार किया गया है। इसके साथ 102 राजस्व गांवों को शामिल करते हुए नौ नगर पालिका परिषदों और नगर निगम गोरखपुर में एक और नगर निगम वाराणसी में नौ राजस्व गांवों को शामिल करते हुए सीमा विस्तार किया गया है। प्रदेश में अब निकायों की संख्या 735 हो गई है। इनमें 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद और 518 नगर पंचायतें हो गई हैं। नए निकायों के गठन और विस्तार होने के बाद नगर में 905700 जनसंख्या और 57474 हेक्टर क्षेत्रफल की वृद्धि हुई है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसर राष्ट्रीय स्तर पर 31.16 प्रतिशत शहरी क्षेत्र है। उत्तर प्रदेश राज्य में मात्र 22 फीसदी शहरी क्षेत्र है। इस हिसाब से यूपी काफी पीछे है। राज्य सरकार इसीलिए प्रदेश में शहरीकरण की वृद्धि पर ध्यान दे रही है।