Latest News नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

शिवराज सिंह चौहान बोले-आतंकी जैसे हो गए हैं कमल नाथ, अधिकारियों को डरा-धमका रहे


शहडोल, । मध्य प्रदेश में चल रहे नगरीय निकाय चुनावों में जुबानी जंग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को सीधी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ को आतंकी बताया। शिवराज ने कहा कि कमल नाथ आतंकी जैसे हो गए हैं। वे अधिकारियों, कर्मचारियों को धमकाते हैं। कहते हैं भाजपा का साथ दे रहे हो, मैं देख लूंगा, निपटा दूंगा। उन्होंने कहा कि कमल नाथ जब सीएम थे, तब अधिकारियों, कर्मचारियों को धमकाने, अपमानित करने का काम करते थे। अब भी वे बाज नहीं आ रहे हैं। रस्सी जल गई, लेकिन बल नहीं गया।

आतंकियों और देश के दुश्मनों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि आतंकियों और देश के दुश्मनों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके लिए देश सर्वोपरि है। सभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने सीधी, शहडोल, रीवा में भी सभाएं कीं और कटनी में रोड शो किया।

कांग्रेस के समय ऐसी सड़कें थीं कि गाड़ियों के साथ हड्डियां भी टूट जाती थीं

शहडोल के धनपुरी में शिवराज ने कहा कि यहां जितने विकास के काम हुए हैं, वह भाजपा की सरकार ने ही कराए हैं। कांग्रेस के समय में तो ऐसी सड़कें थीं कि रीवा से शहडोल आने-जाने में गाड़ियां टूटने के साथ शरीर की हड्डियां भी टूट जाती थीं। उन्होंने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं को कांग्रेस की कमल नाथ सरकार ने बंद कर दिया था, जिन्हें चालू कर दिया गया है। गरीबों के कल्याण और विकास के लिए पैसे की कमी नहीं आने दी जाएगी।

इधर, प्रदेश में त्रिस्तरीय (ग्राम, जनपद और जिला) पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का मतदान शुक्रवार को होगा। इसमें जिला पंचायत सदस्य के 242, जनपद पंचायत सदस्य के एक हजार 916, सरपंच के छह हजार 408 और पंच के 22 हजार 378 पद के लिए एक करोड़ 13 लाख 11 हजार 479 (58 लाख 36 हजार 623 पुरुष, 54 लाख 74 हजार 592 महिला व 264 अन्य) मतदाता 20 हजार 608 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 40 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मतदान सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक होगा। मतदान के ठीक बाद मतदान केंद्र स्तर पर मतगणना प्रारंभ हो जाएगी लेकिन पंच, सरपंच और जनपद सदस्य के परिणाम की घोषणा 14 जुलाई को होगी।