Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

सपा गठबंधन के सहयोगी नेता ओपी राजभर पर केशव देव मौर्य की विवादित टिप्पणी


  • लखनऊ अपने तीखे बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर उसी महान दल के अध्यक्ष केशवदेव मौर्य ने विवादित टिप्पणी कर दी, जो समाजवादी पार्टी (सपा) गठबंधन में उनके साथ हैं। ओमप्रकाश राजभर को ‘राजनीतिक जोकर’ बताए जाने का मामला सामने आने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुटकी लेने में कतई देर न की। राजभर को समाज के सम्मान में गठबंधन से नाता तोड़ने की सलाह दी तो सपा मुखिया अखिलेश यादव के लिए चुनौती छोड़ दी कि केशवदेव मौर्य उनकी शह पर नहीं बोले हैं तो उन्हें गठबंधन से बाहर करें।

महान दल के अध्यक्ष केशवदेव मौर्य का एक वीडियो रविवार को वायरल हुआ, जिसमें वह सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को राजनीतिक जोकर बता रहे हैं। चूंकि सुभासपा और महान दल, दोनों ही सपा गठबंधन में सहयोगी दल हैं, इसलिए इस टिप्पणी ने तुरंत तूल पकड़ लिया। इसे राजभर समाज के सम्मान से जोड़ते हुए दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की शह पर ही केशवदेव मौर्य राजभर समाज का अपमान कर रहे हैं।