पटना

समस्तीपुर: मंडल स्तरीय 66वां रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह का डीआरएम ने किया उदघाटन


समस्तीपुर (आससे)। कोरोना महामारी के प्रोटोकाॅल को ध्यान में रखते हुए 66वां मंडल रेल प्रबंधक स्तरीय रेल सप्ताह पुरस्कार -2021 का आयोजन ‘ललित कला केन्द्र’, अधिकारी क्लब परिसर, समस्तीपुर में दिनांक 06.07.2021 को मंडल रेल प्रबंधक,  अशोक माहेश्वरी द्वारा समस्तीपुर मंडल के 09 राजपत्रित अधिकारी, 165 कर्मचारी को एकल रूप से तथा 07 सामूहिक पुरस्कार में 28 कर्मचारी सहित कुल 202 रेलकर्मियों को उनके पिछले वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट प्रदर्षन के लिए पुरस्कृत किया गया।

पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में शरीक होने से पूर्व पुरस्कृत होने वाले समस्त कर्मियों का कोरोना संक्रमण को चिन्हित करने के उद्देश्य से विशेष एहतियातन रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया गया और निगेटिव पाये गये कर्मियों को ही कार्यक्रम में शरीक होने की अनुमति प्रदान की गई। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी/समस्तीपुर, ओम प्रकाश सिंह द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक, अशोक माहेश्वरी ने समस्तीपुर मंडल के समस्त रेलकर्मियों की कोरोना महामारी के दौरान भी अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए सराहना की और उनके स्वस्थ होने के उनके साथ-साथ उज्जवल भविष्य की कामना भी की। इस पुरस्कार वितरण समारोह का लाईव वेबकास्ट भी किया गया, जिसे मंडल के शेष अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारियों द्वारा अपने परिवार के साथ सीधा देखा गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक-I, जे. के.सिंह एवं मंडल के सभी शाखाधिकारियों के अलावा ईसीआरकेयू/समस्तीपुर के मंडल मंत्री के. के. मिश्रा, एवं अजा-अजजा एसोसिएशन/समस्तीपुर के मंडल मंत्री शशि रंजन कुमार उपस्थित थे।