News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली प्रयागराज राष्ट्रीय लखनऊ

समाजवादी पार्टी ने शिवपाल सिंह यादव और ओम प्रकाश राजभर को किया फ्री, जारी पत्र में कहा-कहीं भी जाने के लिए आप स्वतंत्र


लखनऊ, । उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया तथा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से समाजवादी पार्टी का अब मोहभंग हो गया है। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को अलग-अलग पत्र जारी कर शिवपाल सिंह यादव तथा ओम प्रकाश राजभर को स्वतंत्र कर दिया है।

समाजवादी पार्टी ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के नाम पत्र जारी किया है। पत्र में साफ-साफ कहा है कि आप कहीं भी जाने के लिए स्वतंत्र हैं। शिवपाल सिंह यादव के नाम जारी पत्र में लिखा गया है कि माननीय शिवपाल सिंह यादव जी अगर आपको लगता है, कहीं आपको अधिक सम्मान मिलेगा तो वहां पर जाने के लिए आप स्वतंत्र हैं। शिवपाल सिंह यादव इटावा के जसवंतनगर से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर के नाम जारी पत्र में लिखा गया है कि श्री ओम प्रकाश राजभर जी, समाजवादी पार्टी तो लगातार भारतीय जनता पार्टी से लड़ रही है। आपका भारतीय जनता पार्टी से गठजोड़ है और लगातार भारतीय जनता पार्टी का मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। अगर आपको लगता है, कहीं ज्यादा सम्मान मिलेगा तो वहां जाने के लिए आप स्वतंत्र हैं।

समाजवादी पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय से जारी पत्र की प्रतिलिपि राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के साथ ही शिवपाल सिंह यादव तथा ओम प्रकाश राजभर को भी है। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक पंडितों को अब शिवपाल सिंह यादव तथा ओम प्रकाश राजभर के अगले कदम का इंतजार है।