News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

सरकार ने मिलावट रोक दी, इसलिए बढ़ रहे सरसो के तेल के दाम, किसानों को होगा इसका फायदा: केंद्रीय कृषि मंत्री


  • ग्वालियर, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सरसो के तेल के दामों में हो रही बढोतरी के पीछे तेल में मिलावट बंद हो जाना बताया है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा है कि इससे किसानों को फायदा होगा। सोमवार को ग्वालियर पहुंचे केंद्र सरकार में कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के मुरैना से सांसद नरेंद्र सिंह तोमर से सरसो के तेल के दाम बढ़ने को लेकर सवाल हुआ था, जिस पर उन्होंने ये जवाब दिया।

बीते कुछ दिनों में सरसो के तेल के दाम काफी ज्यादा तेजी से बढ़े हैं। बीते एक साल में खाने के तेल के दाम 60 फीसदी से ज्यादा बढ़ गए हैं। जिससे रसोई का बजट बिगड़ गया है। इस पर नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, सरसो का तेल थोड़ा महंगा हुआ है क्योंकि सरकार ने तेल में होने वाली मिलावट को बंद कर दिया है। ये भारत सरकार का बहुत महत्वपूर्ण फैसला है और इसका फायदा देशभर के तिलहन और सरसो की खेती करने वाले किसानों को होने वाला है। जो दाम बढ़ रहे हैं, उस पर भी सरकार की नजर है।

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसान आंदोलन को लेकर कहा है कि सरकार आंदोलनकारी किसानों के साथ कृषि विधेयकों को रद्द करने के अलावा अन्य सभी विकल्पों पर बात करने को तैयार है। किसान संगठन नए कृषि बिलों को निरस्त करने से अलग सरकार से बातचीत करें।

मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान को बदले जाने की अटकलों पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, राज्य सरकार में कोई अस्थिरता नहीं है। एमपी सरकार ने कोरोना की स्थिति को भी काफी बेहतर तरीके से संभाला है। कांग्रेस की ओर से नेतृत्व में बदलाव की बातें कही दा रही हैं तो मैं कहना चाहता हूं कि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है और भाजपा तय कर लेगी कि मुख्यमंत्री कौन होगा। कांग्रेस को इस बारे में बात करने या बयान जारी करने का कोई हक नहीं है।