पटना

‘हमलोग यहां बाल-बच्चों के साथ भोजन करते हैं’


मुख्यमंत्री ने पटना के 6 कम्युनिटी किचेन सेंटर का वर्चुअल टूर के माध्यम से लिया जायजा

(आज समाचार सेवा)

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग स्थित संकल्प से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पटना जिले के 6 कम्युनिटी किचेन सेंटर- बांकीपुर बालिका उच्च विद्यालय, गोलघर, पटना उच्च विद्यालय गर्दनीबाग, सैदपुर नहर रैनबसेरा, एनएमसीएच अगमकुआं, राजकीय उच्च विद्यालय मंगल तालाब, पटना सिटी और कॉलेज ऑफ कॉमर्स, राजेन्द्रनगर का वर्चुअल टूर के माध्यम से वहां चलायी जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री को कम्युनिटी सेंटर के पदाधिकारियों ने कम्युनिटी किचेन सेंटर की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सेंटर पर भोजन करने वालों की संख्या, रसोइया, भोजन का मेनू, बच्चों के लिये दूध की व्यवस्था, सामुदायिक किचेन के माध्यम से मरीजों के परिजनों के भोजन की व्यवस्था एवं सेंटर की साफ-सफाई तथा कोविड प्रोटोकॉल संबंधित पूरी जानकारी दी।

वर्चुअल निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सेंटरों पर की जा रही व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।उन्होंने किचेन की व्यवस्था, भोजन बनायी जानेवाली सामग्रियों, भंडार कक्ष, खाने के दौरान बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, खानेवाले लोगों की संख्या के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सभी सेंटरों पर भोजन कर रहे कई लोगों से बातचीत की। उन्होंने लाभुकों से पूछा कि आप कब से यहां भोजन कर रहे हैं। भोजन कितने टाइम करते हैं। खाने में क्या-क्या चीजें मिलती हैं। घर के कितने लोग यहां खाते हैं। किसी प्रकार की कोई दिक्कत तो नहीं है।

बांकीपुर बालिका उच्च विद्यालय, गोलघर सेंटर पर के लाभुक केदार साव ने मुख्यमंत्री को बताया कि हमलोग यहां दोनों टाइम खाना खा रहे हैं। खाना बहुत बढिय़ा मिल रहा है। घर से बढिय़ा खाना मिलता है। किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। यहां की व्यवस्था बहुत अच्छी है। इसी केन्द्र पर की लाभार्थी फुल कुमारी ने बताया कि मेरे पति रिक्शा चलाते हैं। हमलोग यहां भोजन करने आते हैं। खाना बहुत ही बढिय़ा मिलता है। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।

पटना उच्च विद्यालय गर्दनीबाग सेंटर पर भोजन कर रहे लाभार्थियों ने बताया कि यहां का खाना बहुत बढिय़ा है। भोजन बदल-बदलकर मिलता है। हमलोग इससे संतुष्टï हैं। इसके लिये आपको बहुत-बहुत धन्यवाद। सैदपुर नहर रैनबसेरा सेंटर पर की महिला लाभार्थी ने बताया कि खाना बहुत बढिय़ा और स्वादिष्टï है। आपको बहुत-बहुत धन्यवाद।

एनएमसीएच अगमकुआं सेंटर के लाभार्थी श्री राज अमृत ने बताया कि खाना बढिय़ा है। व्यवस्था बहुत अच्छी है। हमलोग खाने से संतुष्टï हैं। आपको बहुत-बहुत धन्यवाद। इसी सेंटर पर की लाभार्थी शोभा देवी ने बताया कि हमलोग दोनों टाइम भोजन करते हैं। यहां का खाना अच्छा लगता है। स्वाद भी अच्छा है। इसके लिये सरकार को और आपको बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं। राजकीय उच्च विद्यालय मंगल तालाब, पटना सिटी सेंटर पर के लाभार्थी कांति देवी ने बताया कि हमलोग एक सप्ताह से यहां दोनों टाइम भोजन कर रहे हैं। बहुत बढिय़ा खाना मिलता है। बाल-बच्चों के साथ यहां भोजन करते हैं। किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। इसके लिये आपको बहुत-बहुत धन्यवाद।

इसी सेंटर के लाभार्थी प्रकाश कुमार ने बताया कि हमलोग यहां दोनों टाइम भोजन करते हैं। खाना बहुत ही अच्छा है। किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। इसके लिए आपको बहुत-बहुत धन्यवाद। कॉलेज ऑफ कॉमर्स, राजेन्द्रनगर सेंटर पर की महिला लाभार्थी ने बताया कि यहां का खाना अच्छा लगता है। हमलोग पसंद से खाना खाते हैं। इसी सेंटर पर के पुरुष लाभार्थी ने बताया कि हमलोग दोनों टाइम यहां खाना खाते हैं। खाना बहुत बढिय़ा है। हमलोग इसके लिए आपका और सरकार को धन्यवाद करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान बेसहारा लोगों के लिए कम्युनिटी किचेन सेंटर पर भोजन की बहुत अच्छी व्यवस्था की गयी है, जिसके संबंध में बातचीत में लाभार्थियों ने विस्तारपूर्वक बताया है। यह खुशी की बात है कि सभी सेंटरों पर आनेवाले लाभार्थी भोजन से संतुष्ट हैं, उन्हें सेंटर पर किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हो रही है और परिवार के साथ दोनों टाइम भोजन भी कर रहे हैं। जैसा कि बताया गया है कि सेंटर पर अब आनेवाले बच्चे-बच्चियों को दूध की भी व्यवस्था करायी जा रही है।

उन्होंने कहा कि सेंटर पर पेयजल, साफ-सफाई के साथ-साथ हमेशा सेनेटाइजेशन कराते रहें। सेंटर पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन ठीक ढंग से करायें। उन्होंने कहा कि सेंटर पर भोजन करने वालों के अलावा कोई बाहरी लोग वहां नहीं आयें, अनावश्यक भीड़ नहीं लगायें। सभी लोगों को कोरोना के प्रति सचेत रहना है। सभी लोग अपनी जिम्मेवारी का सेंटर पर बेहतर निर्वहन करते रहें ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।

वर्चुअल टूर में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार उपस्थित थे, जबकि वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, आपदा प्रबंधन सह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र शर्मा सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण जुड़े हुए थे।