News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

हिमाचल में इस नाम पर लग सकती है सीएम पद की मुहर, आज शाम होगा ऐलान


शिमला, । हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल की बैठक शाम 4 बजे विधानसभा भवन में होगी। कांग्रेस नेताओं के बीच सीएम पद लेकर खींचतान जारी है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बन सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक बैठक में सुक्खू के नाम पर मुहर लग सकती है। इसकी घोषणा शाम छह बजे के आसपास हो सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह, कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू और अन्य पार्टी नेताओं ने कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले एक-दूसरे से बातचीत की। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने राजभवन से 5 बजे मिलने का समय मांगा है।

आलाकमान पर छोड़ा गया फैसला

बता दें कि हिमाचल में सीएम पद को लेकर शुक्रवार रात को नवनिर्वाचित विधायकों द्वारा सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पास किया गया, जिसमें सीएम चुनने के लिए कांग्रेस आलाकमान को अधिकृत किया गया। हालांकि, इसके बाद शनिवार को भी मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान जारी है।

होटल में विधयाकों का जमावड़ा

शनिवार सुबह से ही कांग्रेस विधायक शिमला के सेसिल होटल पहुंचने लगे। सेसिल होटल में ही पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक ठहरे हुए हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल हैं। हिमाचल में कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश मिला है, लेकिन इसके बाद भी छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन से बने खाई को भरना और विधायक दल के नेता पर आम सहमति तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है, जो मुख्यमंत्री बनेगा।

इस नाम पर बन सकती है सहमति

बता दें कि कांग्रेस आलाकमान ही सीएम को लेकर आखिरी फैसला लेने वाला है। इस बीच प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आलाकमान को 5 नामों की सूची भेज दी है। वहीं, इन सब के बीच सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम की चर्चा तेज हो गई है।