पटना

5 दिन तक ट्राइसाइकिल चला मोतिहारी से आरा पहुंचा ‘दिव्यांग फैन’


कोरोना संक्रमण की वजह से आरा में रह रहे पवन सिंह

मोतिहारी (आससे)। भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह की लोकप्रियता किसी परिचय की मोहताज नहीं है। तभी लोगों में उनके प्रति दीवानगी भी कमाल की देखने को मिलती है। इस बार एक फैन ने अपनी हिम्मत से सभी को चौका दिया। भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह के प्रति जिस फैन से दीवानगी दिखाई है वो एक दिव्यांग है। इस दिव्यांग का नाम है अशोक साह, जिसने पवन सिंह से मिलने के लिए 165 किमी की दूरी सिर्फ ट्राइसाइकिल से तय की।

अशोक मोतिहारी का रहना वाला है और पवन सिंह से मिलने के लिए वो ट्राईसाइकिल से आरा पहुंच गया था। अशोक शाह के अनुसार, उसे मोतिहारी से आरा आने में उसे 5 दिन लगे। उसने बताया कि वो पवन सिंह का बहुत बड़ा फैन है और जब उसे पता चला कि पवन सिंह अभी अपने गांव आरा में ही रह रहे हैं तो मोतिहारी अपने घर से ट्राइसाइकिल से ही उनसे मिलने निकल पड़ा।

अपने इस फैन से मिलकर पवन सिंह भी दंग रह गए। पवन सिंह ने अशोक की हिम्मत की तारीफ करते हुए कहा कि अशोक का प्यार उनके लिए भगवान का आशीर्वाद है। भोजपुरी अभिनेता ने मोतिहारी आने पर अशोक साह के घर आने का वादा किया। भोजपुरी स्टार पवन सिंह बीते कई महीनों से आरा में रह रहे हैं।

मुंबई में कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद वो आरा अपने घर लौट आए थे। फिल्मों की भी शूटिंग बंद है। बता दें कि पवन सिंह अपने फैन से इस मुलाकात का एक वीडियो भी शेयर किया है और कहा है ये लड़का (अशोक साह) मोतिहारी से चल कर आरा मेरे घर पर आया है। मैं नि:शब्द हूं। इस भाई की प्रशंसा कैसे करूं, इसलिए बोलता हूं, जनता मेरे लिए भगवान है।