News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी के नेतृत्व में 50वें दिन फिर से शुरु हुई भारत जोड़ो यात्रा, कई नेता हुए शामिल


नारायणपेट, । तीन दिन के ब्रेक के बाद कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) आज से फिर शुरु हो गई है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत तेलंगाना के नारायणपेट जिले के मकतल से की गई। इस दौरान तेलंगाना के पार्टी नेता और कार्यकर्ता भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए।

भारत जोड़ो यात्रा का 50वां दिन

दरअसल, कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 50वां दिन है। बीते रविवार को भारत जोड़ो यात्रा पर ब्रेक लग गया था। सांसद राहुल गांधी को कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ताजपोशी के लिए दिल्ली जाना पड़ा था। जिसके कारण तीन दिन तक भारत जोड़ो यात्रा रुकी रही। हालांकि, आज से भारत जोड़ो यात्रा शुरु हो गई है।

कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट किया राहुल गांधी का वीडियो

वहीं, कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्वीटर हैंडल पर भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में राहुल गांधी ढोल बजाते हुए नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने लिखा है कि जहां जाओ…वहां के हो जाओ, जीवन को उनके, कुछ इस कदर जियो।

यात्रा का तेलंगाना चरण आज से हुआ शुरु

बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ यात्रा का तेलंगाना चरण आज से शुरु हो रहा है। भारत जोड़ो यात्रा तेलंगाना में 7 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद ये अगले पड़ाव की ओर रवाना होगी। हालांकि, इस दौरान राहुल गांधी रोजाना करीब 20 से 25 किलोमीटर चलेंगे और 375 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा तेलंगाना में 19 विधानसभा और सात संसदीय क्षेत्रों को कवर करेगी।

तेलंगाना में कई सभाओं को संबोधित करेंगे राहुल

जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी इस यात्रा के दौरान तेलंगाना के अलग-अलग जगहों पर सभाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही इस दौरान वह अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों के साथ बातचीत भी करेंगे। साथ ही राहुल गांधी हैदराबाद के चारमीनार का भी दौरा करेंगे।