News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

Bihar : सोनिया गांधी से हो गई नीतीश कुमार की बात! कांग्रेस के बड़े नेता ने बताया आगे का प्‍लान


पटना, । : बिहार में बदले सियासी बदलाव के कयासों के बीच कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि पार्टी जदयू के भाजपा से अलग होने पर नीतीश कुमार का पूरा समर्थन और स्‍वागत करेगी। यह सब तब हो रहा है, जब बहुत तेज चर्चाएं हैं कि नीतीश कुमार ने खुद कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी से बात की है। यह चर्चा इसलिए अध‍िक अहम‍ियत रखती है कि सोनिया गांधी फिलहाल नेशनल हेराल्‍ड केस में ईडी की कार्रवाई का सामना कर रही हैं। कांग्रेस ने भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अगर ऐसे हालात में नीतीश कुमार और सोनिया गांधी के बीच बातचीत हुई है, तो यह अपने आप में बेहद बड़ी बात है। हालांक‍ि जदयू या कांग्रेस के किसी नेता ने ऐसी किसी बातचीत की न तो पुष्‍ट‍ि की है और न ही किसी ने इनकार ही किया है। 

 

कांग्रेस बोली- नीतीश हमारे साथ आकर मुख्‍यमंत्री बने रहें 

बिहार में तेजी से बदले घटनाक्रम के बीच कांग्रेस सचिव व विधायक शकील अहमद खां ने कहा है कि नीतीश कुमार सर्वमान्य नेता हैं।  वे अगर बीजेपी को छोड़ें तो हम लोगों के साथ आएं। हमारे यहां भी मुख्यमंत्री रहें। उन्हें हमारा समर्थन मिलेगा।

 

देश की राजनी‍त‍ि के लिए नीतीश कुमार को बताया जरूरी 

शकील ने कहा, देश की राजनीति के लिए नीतीश कुमार आवश्यक। भाजपा के खिलाफ वो सशक्त होकर लड़ सकते हैं। उन्होंने एक प्रश्न पर कहा, सोनिया गांधी से नीतीश कुमार की क्या बात हुई है इसकी जानकारी नहीं है। आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक है, इसमे हमलोग सलाह मशविरा करेंगे कि अभी की जो राजनीतिक स्थिति है, उसको कैसे हमलोग आगे बढ़ाएं।

राजद का साथ भी मिलने की जताई उम्‍मीद 

राजद के सवाल पर कहा उनकी पार्टी है। जब सारी सेक्युलर पार्टियां एक साथ रहेंगी तो बीजेपी को आसानी से हराया जा सकता है। आने वाले चुनाव में भी हमलोग एक साथ होकर चुनाव लड़ सकते हैं और मोदी को चुनौती दे सकते हैं।