News TOP STORIES उत्तर प्रदेश पटना बिहार राष्ट्रीय

Bihar Bandh : पटना व जहानाबाद में फायरिंग, अरवल में एंबुलेंस पर हमला; बिहार में जगह-जगह पथराव व वाहन फूंके, पुलिस पर भी हमला


पटना, । Bihar Bandh News Today LIVE : भारतीय सेना में बहाली की अग्निपथ योजना के विरोध में हिंसक प्रदर्शन का दौर जारी है। इस कड़ी में शनिवार को आहूत बिहार बंद (Bihar Bandh against Agneepath Army Recruitment Scheme) में सुबह-सुबह जहानाबाद में बस फूंक दी गई तो पुलिस पर पथराव भी हुआ। पटना के मसौढ़ी में पुलिस व आंदोलनकारियों के बीच फायरिंग हुई। जहानाबाद, मुंगेर व पटना में पथराव की सूचना है। बंद समर्थकों ने अरवल में एंबुलेंस पर भी हमला कर दिया। बंद को राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD), वाम दलों (Left Parties), हिंदुस्‍तानी अवाम मोर्चा (HAM) एवं विकासशील इनसान पार्टी (VIP) ने समर्थन किया है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने आंदोलनकारियों को दंगाई बताते हुए विपक्ष पर उनके कंधे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। आंदोलन के दौरान इंटरनेट मीडिया के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए सरकार ने राज्‍य के 15 जिलों में इंटरनेट व विभिन्‍न सोशल मीडिया साइट्स (Internet and Social Media Sites) पर रविवार तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। इस बीच अग्निपथ ने पटना से दिल्‍ली एयर फेयर में भी आग लगा दी है।

  • 03:32 PM, 18 Jun 2022

    बिहार भाजपा के अध्‍यक्ष ने पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर उठाए सवाल

    अग्निपथ योजना के विरोध के दौरान भाजपा नेताओं व भाजपा के कार्यालयों पर हमले पर प्रदेश अध्‍यक्ष डा. संजय जायसवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्‍होंने  कहा है कि भाजपा को साजिश के तहत टारगेट किया जा रहा है। इस दौरान पुलिस-प्रशासन की भूमिका भी ठीक नहीं रही।

  • 03:19 PM, 18 Jun 2022

    पूर्व मध्‍य रेल ने ट्रेनों के परिचालन में किया अस्‍थायी बदलाव

    अग्निपथ योजना के विरोध-प्रदर्शन के दौरान रेलवे को काफी नुकसान हुआ है। इसको देखते हुए पूर्व मध्‍य रेलवे ने दो दिनों के लिए ट्रेनों के परिचालन के समय में अस्‍थायी बदलाव किया है।

  • 02:40 PM, 18 Jun 2022

    रोहतास के बिक्रमगंज और नोखा में पुलिस व आंदोलनकारियों में झड़प

    रोहतास जिले के बिक्रमगंज और नोखा में पुलिस और उपद्रवियों के बीच झड़प की खबरें आ रही हैं। यहां दोनों ओर से पथराव किया गया है। बड़ी संख्‍या में पुलिस वहां मुस्‍तैद है।

  • 02:21 PM, 18 Jun 2022

    पटना के करगिल चौक पर बंद समर्थकों का प्रदर्शन

    पटना के करगिल चौक (गांधी मैदान) में बंद समर्थकों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पालीगंज के विधायक संदीप सौरभ सहित कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

  • 02:20 PM, 18 Jun 2022

    मधुबनी में पथराव क बाद पुलिस लाठीचार्ज

    मधुबनी पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प हुई है। पुलिस लाठीचार्ज में आधे दर्जन आंदोलनकारी जख्मी हुए हैं तो पथराव में एसडीओ के बाडीगार्ड को चोट आई है।

  • 01:51 PM, 18 Jun 2022

    ट्रेनों के नहीं चलने से पटना जंक्‍शन पर यात्री परेशान

    ट्रेनों के नहीं चलने से पटना जंक्‍शन पर यात्री परेशान हैं। रेलवे की तरफ से उन्‍हें एक बोतल पानी तक नही मिला है। यहां तक कि टायलेट के नाम पर बाहर 30 रुपये लिए जा रहे हैं। अररिया के जोगबनी निवासी अभिषेक कुमार शुक्रवार दोपहर बस से पटना जंक्शन पहुंचे। उनके साथ संजय महतो भी हैं। दोनों को जम्मू जाना था। आज सुबह सात बजे ट्रेन थी, जो नही आई। दोनो वेटिंग हाल में फर्श पर सोए हैं। मधुबनी निवासी परमेश्वर रात दो बजे में बस से पटना जंक्शन आये। सुबह जम्मू तवी का टिकट था। उनके पास रुपये कम हैं। पानी तक नही मिला। ट्रेन कब आएगी, पता नहीं।

  • 01:43 PM, 18 Jun 2022

    बक्‍सर में पुलिस पर हमला, गाड़ी फूंकी

    बक्‍सर जिले डुमरांव के सर्किल इंस्‍पेक्‍टर विमल दास और उनके साथ पैट्रोलिंग पर निकले पुलिस बलों पर नावानगर में हमला किया गया है। उपद्रवियों ने प‍ुलिस की गाड़ी बीच सड़क पर रोककर मारपीट शुरू कर दी और वाहन में आग लगा दी। पुलिस वाले मुश्‍क‍िल से जान बचाकर भागे। सूचना मिलने पर बगल के नावानगर और सिकरौल थाना से पुलिस बल को मौके पर भेजा गया।

  • 12:36 PM, 18 Jun 2022

    कटिहार में उन्माद भड़काने के आरोप में एक संगठन के आठ लोगों से पूछताछ

    कटिहार में उन्माद भड़काने की कोशिश करने को लेकर इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर पुलिस एक संगठन से जुड़े आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सभी पीएफआई से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस संगठन का नाम नहीं बता रही है।

  • 12:34 PM, 18 Jun 2022

    सीतामढ़ी में बस पर हमला

    सीतामढ़ी में अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे युवाओं ने शहर के चकमहिला स्थित बस स्टैंड में पत्थर चलाकर बस की कांच को तोड़ डाला। मौके पर सदर एसडीएम राकेश कुमार, एसडीपीओ सुबोध कुमार ने पहुंचकर भीड़ को खदेड़ा।

  • 12:26 PM, 18 Jun 2022

    मुजफ्फरपुर-दरभंगा एनएच 57‌ जाम

    मुजफ्फरपुर-दरभंगा एनएच 57‌ को  बोचहां-मझौली में माले और आरजेडी कार्यकर्ताओं ने जाम किया है। शहर में भी आइसा-इनौस का जुलूस निकला है, जिसके आगे-पीछे भारी संख्या में पुलिस चल रही है।

  • 12:01 PM, 18 Jun 2022

    अरवल में एंबुलेंस पर हमला, मरीज घायल

    अग्निपथ योजना के विरोध में बिहार बंद के दौरान अरवल के कुर्था अस्पताल से रेफर मरीज को सदर फल पहुंचाने के क्रम में उपद्रवियों ने एंबुलेंस पर हमला कर दिया। इसमें एंबुलेंस चालक और मरीज गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घटना पटना और अरवल की सीमा पर इमामगंज बाजार में हुआ।

  • 11:38 AM, 18 Jun 2022

    जहानाबाद में पुलिस पर हमला, हवाई फायरिंग

    जहानाबाद में बंदी के दौरान करपी थाना गेट पर उपद्रवियों का हमला। पुलिस ने लोगों को खदेड़ा। करपी में विस्फोटक स्थिति है। पुलिस ने चार राउंड हवाई फायरिंग की है।

  • 11:36 AM, 18 Jun 2022

    जमुई के झाझा में पुलिस पर पथराव

    जमुई के झाझा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहजना मोड़ पर पुलिस पर पथराव किया गया है। हालांकि, इस पथराव में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

  • 11:16 AM, 18 Jun 2022

    पटना में मसौढ़ी में बंद समर्थकों का उत्‍पात, पथराव व फायरिंग

    पटना के मसौढ़ी में बिहार बंद का व्यापक असर। सुबह से दुकानें बंद हैं। आंदोलनकारियों ने शहर और जीआरपी को बंधक बना रखा है। तारेगना स्टेशन तक कर पत्थरबाजी हो रही है। बंद समर्थकों एवं आंदोलनकारियों के बीच फायरिंग हो रही है। जीआरपी कार्यालय के पास जीआरपी की सरकारी गाड़ी फूंक दी गई है। पुलिस कहीं नहीं दिख रही है।