News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Delhi Mundka Fire: मरने वाले 27 लोगों में 6 की पहचान, घायलों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे सांसद हंसराज हंस


नई दिल्ली, । शुुुुुुक्रवार शाम को मुंडका भीषण आग हादसे में 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई । हादसे में जान गंवाने वाले 6 लोगों की पहचान कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान तानिया भूषण, मोहिनी पाल, यशोदा देवी, रंजू देवी, विशाल मिथलेश और दृष्टि के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि अन्य मृतकों के शवों के शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। दरअसल, हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग लापता है। इनमें 24 महिलाएं व 5 पुरुष शामिल हैं।

 

वहीं, मुंडका आग हादसे में घायल व मृतकों के स्वजनों से मिलने के लिए शनिवार को सांसद हंसराज हंस संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। यहां एक महिला ने सांसद से अपनी बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई। शीलू नाम की महिला मुंडका में भीषण आग हादसे की सूचना पर शुक्रवार रात ट्रेन से दिल्ली पहुंची, जहां पर अपने बेटी को तलाश के लिए इधर-उधर भटक रही है।

वहीं, मुंडका अग्निकांड मामले में अग्निशमन विभाग के निदेशक अतुल गर्ग का कहना है कि 32 लोगों के लापता होने की बात सामने आई है। 27 शव बरामद हुए हैं, जिनमें छह की पहचान कर ली गई है। इस हादसे में 12 लोग घायल हैं। उन्होंने बताया कि आग करीब चार बजे लगने की बात लोग कह रहे हैं लेकिन अग्निशमन को पहली काल 4 बजकर 50 मिनट पर मिली। इसके 18 मिनट बाद अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची। वहीं, आग लगने का कारण जेनरेटर में हुआ शॉर्टसर्किट बताया जा रहा है, जो पहले तल पर रखा था।

इसी क्रम में पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों व पीड़ित लोगों से बातचीत की। इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया। सांसद प्रवेश वर्मा मुंडका गांव के ही रहने वाले हैं।

इससे पहले शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मुंडका अग्निकांड की जानकारी के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। करीब 10 मिनट तक वह अधिकारियों व पीड़ितों से बात करते रहे। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताया। मुख्यमंत्री ने मुंडका अग्निकांड हादसे की न्यायिक जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मेयर व अन्य विभागों के कई अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटनास्थल का दौरा करते हुए कहा कि घटना में कुछ शव काफी क्षत विक्षत हो गए हैं। उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। ऐसे शवों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिए एकत्र किए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम डीएनए के जरिए, मृतकों के परिजन की पहचान करेगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने मौके पर ही हादसे की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। हादसे में घायल होने वालों के लिए 50 हजार रुपये का मुआवजे का ऐलान किया गया है।

वहीं, दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने भी मुंडका अग्निकांड पर गहरा दुख जताया । उन्होंने कहा कि इस अग्निकांड में लोगों की जान जाने से वह ‘‘बहुत दुखी’’ हैं। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए उन्होंने तत्काल कदम उठाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की।