Latest News खेल

IPL 2021:पंजाब किंग्स को मिली दूसरी जीत, मुंबई के खिलाफ केएल राहुल ने खेली कप्तानी पारी


  • खेल। चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम (MA Chidambaram) में खेले गए आईपीएल 2021 (IPL 2021) के 17वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को 9 विकेट से मात दे दी। इस सीजन में पंजाब की यह दूसरी जीत है। वहीं पांच मैचों में मुंबई की यह तीसरी हार है। इस जीत के साथ ही पंजाब किंग्स प्वाइंट टेबल में पाचवें नंबर पर पहुंच गई है।

मुंबई इंडियंस ने पहले खेलते हुए कप्तान रोहित शर्मा की 63 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 131 रन बनाए थे। इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 17.4 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया। पंजाब की इस जीत के हीरो रहे कप्तान केएल राहुल और ‘यूनीवर्स बॉस’ क्रिस गेल। राहुल ने 52 गेंदो में तीन चौको और तीन छक्कों की बदौलत नाबाद 60 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं क्रिस गेल ने 35 गेंदो में नाबाद 43 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और दो छक्के जड़े। इसके अलावा मयंक अग्रवाल ने 20 गेंदो में चार चौके और एक छक्के की बदौलत 25 रन बनाए।

रोहित ने जड़ा शानदार अर्धशतक

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही. सलामी बल्लेबाज़ क्विंटन डिकॉक एक बार फिर सस्ते में आउट हो गए। उन्हें तीन रनों पर दीपक हुड्डा ने पवेलियन भेजा। इसके बाद तीन नंबर पर पर बल्लेबाज़ी करने आए और 17 गेंदो में सिर्फ छह रन ही बना सके। पावर प्ले में मुंबई सिर्फ 22 रन ही बना सकी। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव और रोहित ने 81 रनों की साझेदारी की। सूर्यकुमार 27 गेंदो में 33 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया।