News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Kisan Andolan: 29 नवंबर को किसानों का होने वाला संसद मार्च स्थगित,


नई दिल्ली। संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से 29 नवंबर को होने वाला ट्रैक्टर मार्च स्थगित कर दिया गया है। किसान नेता कुलवंत सिंह संधू ने दैनिक जागरण को बताया कि मोर्चा की तरफ से 29 नवंबर को होने वाला संसद पर ट्रैक्टर मार्च स्थगित कर दिया गया है। चार दिसंबर को मोर्चा की मीटिंग होगी। इस बैठक में फिर से केंद्र सरकार के रूख की समीक्षा की जायेगी। इसके बाद आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा देखना चाहता है कि केंद्र सरकार अपना किया गया वादा संसद में पूरा करती है या नहीं।

मिली जानकारी के अनुसार, अभी थोड़ी देर में संयुक्त किसान मोर्चा की प्रेस कांफ्रेंस है। इसमें आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी दी जाएगी।

दिल्ली पुलिस ने ली राहत की सांस

सोमवार को संसद तक होने वाला ट्रैक्टर मार्च स्थगित होने से दिल्ली पुलिस ने राहत की सांस ली है। दरअसल 29 नंबवर यानी सोमवार से संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने जा रहा है। यह सत्र 23 दिसंबर तक चलेगा। दिल्ली पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती आंदोलनकारियों का ट्रैक्टर मार्च को रोकना था।