News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

LIVE Bihar News: पहली बार भगवान विष्णु के चरणों तक और बुद्ध के द्वार पहुंचीं गंगा, नीतीश कुमार की गया को बड़ा उपहार


  1. गया, : भगवान शिव के सिर से उतरीं पतित पावनी गंगा खुद चलकर भगवान विष्णु के चरणों में बसे गयाजी और भगवान बुद्ध की नगरी बोधगया तक पहुंचीं, तो स्थानीय लोगों के लिए यह सपने जैसा ही था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और जल संसाधन मंत्री संजय झा ने गया और बोधगया में गंगा जल आपूर्ति योजना का शुभारंभ सोमवार को किया। 

लाखों लोगों की बुझेगी प्यास

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से दो प्रमुख शहरों गया और बोधगया के लाखों लोगों की प्यास अब गंगा के पवित्र जल से बुझेगी। हिंदू और बौद्ध समुदाय के बड़े तीर्थों में शुमार इन शहरों में अब गंगा और फल्गु नदी का संगम हो गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और जल संसाधन मंत्री संजय झा की मौजूदगी में गया के मानपुर में गंगा जल शोधन और आपूर्ति केंद्र का उद्घाटन किया।

 

  • 01:10 PM, 28 Nov 2022

    जीतन राम मांझी और सर्वजीत सिंह पहुंचे

    बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और कृषि मंत्री सर्वजीत सिंह थोड़ी देर पहले महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ ही जल संसाधन मंत्री थोड़ी ही देर में यहां पहुंचने वाले हैं।

  • 12:58 PM, 28 Nov 2022

    विष्णुपद में पूजा कर महाबोधि मंदिर के लिए निकले

    मुख्यमंत्री ने विष्णुपद मंदिर जाकर पूजा की। बोले अब यहां आने वाले लोगों को गंगा जल मिल सकेगा। वे मानपुर से नाव के जरिए मंदिर तक पहुंचे। थोड़ी देर में मुख्यमंत्री महाबोधि मंदिर में पहुंचने वाले हैं। इसके बाद वे महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र पहुंचेंगे।

  • 12:38 PM, 28 Nov 2022

    मुख्यमंत्री ने कही ये बात

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि गर्मी के मौसम में इस इलाके के लोगों को पानी की बड़ी दिक्कत होती थी। दूसरी तरफ बरसात के मौसम में गंगा किनारे के लोग बाढ़ से परेशान रहते थे। इस योजना से दोनों इलाकों को लाभ होगा। बाढ़ के दिनों में गंगा का पानी राजगीर लाकर संरक्षित किया जाएगा और इसका इस्तेमाल पूरे साल होगा।

  • 11:56 AM, 28 Nov 2022

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया योजना का लोकार्पण

    गया के अबगिला में गंगा जल आपूर्ति योजना का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार,उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के साथ जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने किया लोकार्पण। ‌

  • 11:45 AM, 28 Nov 2022

    गया जिले के मानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने हेलीकॉप्टर के जरिए गया जिले के मानपुर में पहुंच गए हैं। इसी जगह गंगा जलापूर्ति योजना का ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया है जिसका सीएम लोकार्पण करेंगे।

  • 11:26 AM, 28 Nov 2022

    मैथिली ठाकुर प्रस्तुत करेंगी सांस्कृतिक कार्यक्रम

    बोधगया के महाबोधि कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम के दौरान चर्चित लोकगीत गायिका मैथिली ठाकुर भी अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। मैथिली रविवार को राजगीर के कार्यक्रम में भी शामिल हुई थी। उन्होंने अपने गीत के जरिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तुलना राजा भगीरथ से की थी।

  • 11:14 AM, 28 Nov 2022

    विष्णुपद और महाबोधि मंदिर में गंगा का जल पिएंगे श्रद्धालु

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजगीर से हेलीकॉप्टर के जरिए गया जिले के मानपुर में पहुंचेंगे। वहां गया जल शोधन संयंत्र का अनावरण करेंगे। इसी जगह से गया और बोधगया शहरों के लिए जल की आपूर्ति होगी। मानपुर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सीताकुंड जाएंगे और वहां गंगाजल प्याऊ का उद्घाटन करेंगे। सीताकुंड से नाव के जरिए मुख्यमंत्री गया के विष्णुपद मंदिर पहुंचेंगे। विष्णुपद मंदिर में पूजा – अर्चना के बाद मुख्यमंत्री रामसागर तालाब जाएंगे और वहां भी प्याऊ का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री बोधगया के महाबोधि मंदिर पहुंचेंगे वहां भी गंगाजल प्याऊ का उद्घाटन मुख्यमंत्री के हाथों ही होगा। महाबोधि मंदिर में कार्यक्रम के बाद नीतीश कुमार महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र पहुंचेंगे और यहां गंगा जल आपूर्ति योजना का विधिवत लोकार्पण होगा। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के भी शामिल होने की संभावना है।

  • 11:03 AM, 28 Nov 2022

    भू जल संरक्षण में मददगार होगी यह योजना

    गया शहर के कई इलाके पेयजल की गंभीर समस्या से जूझते रहे हैं। अब गंगा जल आपूर्ति योजना के जरिए इस शहर के हर घर में पाइप लाइन के जरिए पानी पहुंच सकेगा सकेगा। इसके चलते गया और आसपास के क्षेत्र में भूजल का भी संरक्षण होगा।

  • 10:55 AM, 28 Nov 2022

    फल्गु में नाव की सवारी करेंगे नीतीश कुमार

    मुख्यमंत्री अब से थोड़ी देर में गया जिले के मानपुर में जल शोधन संयंत्र से गंगा जल आपूर्ति योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे फल्गु नदी को नाव से पार करते हुए गया के विष्णुपद मंदिर पहुंचेंगे।

  • 10:39 AM, 28 Nov 2022

    थोड़ी देर में गया आयेंगे सीएम

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को राजगीर में गंगा जल आपूर्ति योजना का लोकार्पण किया था। राजगीर में ही सीएम ने रात्रि विश्राम किया। थोड़ी देर में सीएम गया पहुंचेंगे।