Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Lok Sabha Election: कर्नाटक की निर्दलीय सांसद सुमलता अंबरीश भाजपा में हुईं शामिल,


 बेंगलुरु। कर्नाटक के मांड्या से निर्दलीय सांसद सुमलता अंबरीश ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जॉइन कर ली हैं।

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता बी एस येदियुरप्पा, कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक, कर्नाटक में चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव राधा मोहन दास अग्रवाल और पूर्व मुख्यमंत्री डी वी सदानंद गौड़ा उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने 60 वर्षीय सुमलता का यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी में स्वागत किया।

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कर्नाटक में हुए सीट-बंटवारे के समझौते के तहत, भाजपा राज्य की 28 लोकसभा सीट में से 25 पर और जद(एस) मांड्या सहित शेष तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मांड्या सीट से पूर्व मुख्यमंत्री एच. डी कुमारस्वामी मैदान में हैं। अभिनेत्री से नेता बनीं सुमलता ने बुधवार को कहा था कि वह आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी और भाजपा में शामिल होंगी।

मोदी फिर से बने पीएम इसलिए भाजपा का करेंगी समर्थन

सुमलता ने बुधवार को कहा था कि वह आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी और भाजपा में शामिल होंगी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बृहस्पतिवार को की गई एक पोस्ट में कहा कि वह मांड्या के विकास के लिए और नरेन्द्र मोदी एक बार फिर प्रधानमंत्री बने इसके लिए भाजपा का समर्थन करेंगी।

 

सुमलता ने 2019 में एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भाजपा के समर्थन से तत्कालीन मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के बेटे, जद (एस) के निखिल कुमारस्वामी को 1,25,876 मतों के अंतर से हराकर यह सीट जीती थी। पिछले लोकसभा चुनाव में जद (एस) का कांग्रेस के साथ गठबंधन था।