News TOP STORIES नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

MP Municipal Election Results : इंदौर और बुरहानपुर में भाजपा का परचम, सिंगरौली से आम आदमी पार्टी का खुला खाता


  1. भोपाल, । मध्‍यप्रदेश में भोपाल एवं इंदौर नगर निगम सहित प्रथम चरण में हुए 44 जिलों के 133 नगर निकाय के चुनाव के लिए मतगणना आज सुबह 9 बजे से जारी है। इंदौर में भाजपा के महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव कांग्रेस के प्रत्याशी संजय शुक्ला से आगे चल रहे हैं। वहीं भोपाल में भाजपा की मालती राय आगे चल रही हैं। उज्जैन में भाजपा के महापौर प्रत्याशी मुकेश टटवाल कांग्रेस के महेश परमार से आगे चल रहे हैं। वहीं जबलपुर, ग्वालियर में कांग्रेस आगे है। पहले डाकमत पत्रों की गिनती की गई, इसके बाद इवीएम के जरिए गिनती की जा रही है।

बता दें कि छह जुलाई को प्रथम चरण में जिन 11 नगर निगम, 36 नगरपालिका परिषद और 86 नगर परिषद में मतदान हुआ था।

MP Municipal Election 2022 Results Live;

  • 06:30 PM, 17 Jul 2022

    रीवा में कांग्रेस प्रत्याशी की हार्ट अटैक से मौत

    मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक नगर निकाय में पार्षद पद का चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस उम्मीदवार का रविवार को मतगणना के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।  हनुमना नगर परिषद के वार्ड नंबर नौ से चुनाव लड़ने वाले हरिनारायण गुप्ता (45) को मतगणना के दौरान उस समय बेचैनी महसूस हुई, जब उन्हें पता चला कि वह अपने प्रतिद्वंद्वी से पीछे चल रहे हैं। बाद में गुप्ता की एक अस्पताल में मौत हो गई। बता दें कि वह चुनाव भी हार गए।

  • 05:33 PM, 17 Jul 2022

    विक्रम अहाके छिंदवाड़ा से चुने गए

    मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से मेयर प्रत्याशी कांग्रेस के विक्रम अहाके जीत गए हैं

  • 05:31 PM, 17 Jul 2022

    जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने जबलपुर से मेयर का चुनाव जीता

    मध्य प्रदेश के जबलपुर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू ने जबलपुर से मेयर का चुनाव जीत लिया है

  • 05:26 PM, 17 Jul 2022

    आप मेयर प्रत्याशी रानी अग्रवाल ने कहा-

    सिंगरौली नगर निगम से आम आदमी पार्टी की मेयर प्रत्याशी रानी अग्रवाल ने कहा, यह जनता के लिए एक जीत है। हम अपने घोषणापत्र में सूचीबद्ध सभी वादों को रखेंगे, और उसके अनुसार काम करेंगे। मैं जनता की उम्मीदों पर खरा उतरूंगी।

  • 05:22 PM, 17 Jul 2022

    इंदौर में भाजपा के पुष्यमित्र भार्गव एक लाख मतों से आगे

    26वें राउंड के बाद भाजपा के महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव एक लाख से ज्यादा मतों से आगे चल रहे। शहर के 85 वार्ड में से 64 वार्डों में भाजपा पार्षद उम्मीदवार आगे, 18 सीटों पर कांग्रेसी आगे। तीन वार्ड में निर्दलीय आगे। 32 में से 18 चरणों तक कि वोटों की गिनती हो चुकी है। भाजपा की जीत तय होने के बाद पुष्यमित्र भार्गव नेहरू स्टेडियम पहुंचे।

  • 05:00 PM, 17 Jul 2022

    बुरहानपुर महापौर की कुर्सी पर माधुरी पटेल

    निगम बुरहानपुर के महापौर की कुर्सी पर दूसरी बार माधुरी पटेल विराजने जा रही हैं। बता दें कि माधुरी पटेल ने करीब 12 साल बाद एक बार फिर इतिहास दोहराया है। विजयी घोषित होने के बाद माधुरी पटेल मतगणना स्थल रेणुका मंडी परिसर पहुंचीं।

  • 04:44 PM, 17 Jul 2022

    नीमच नगर पालिका में भाजपा की जीत

    नीमच नगर पालिका चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है। 40 वार्डों में से 23 वार्ड पर पार्टी ने कब्जा कर लिया है। वहीं 14 में कांग्रेस जीतीं है। दूसरी ओर 3 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार जीतने में कामयाब रहे।

  • 04:13 PM, 17 Jul 2022

    सिंगरौली में भाजपा को बड़ा झटका, आप जीती

    एमपी नगर निकाय चुनाव के परिणाम आने लगे हैं और इसमें आम आदमी पार्टी का खाता खुल गया है। सिंगरौली नगर निगम पर आम आदमी पार्टी का कब्जा हो गया है। आप की मेयर उम्मीदवार रानी अग्रवाल यहां से जीतने में कामयाब रही है। रानी ने भाजपा को झटका देते हुए नौ हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की है।

  • 03:55 PM, 17 Jul 2022

    सीहोर नगर पालिका में जीत के बाद शिवराज ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार

    सीहोर नगर पालिका में भाजपा ने जीत हासिल कर ली है। इनके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर आम लोगों और पार्टी के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है। सीएम ने कहा कि जनता से किया हर वादा भाजपा पूरा करेगी।

  • 03:33 PM, 17 Jul 2022

    ग्वालियर में कांग्रेस दिखा रही दम

    केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के घर ग्वालियर में कांग्रेस अपना दम दिखाती दिख रही है। पांच राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी शोभा सतीश सिकरवार अब भाजपा उम्मीदवार सुमन यशवीर शर्मा से 8095 वोटों से आगे चल रही है। वहीं ग्वालियर नगर निकाय चुनाव में वार्ड 59 से कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी सरोज हेवरन सिंह कंसाना जीत गए हैं और वार्ड 66 से भाजपा के उषा गिर्राज गुर्जर जीते हैं।

  • 03:22 PM, 17 Jul 2022

    राजगढ़ नगर पालिका में भी भाजपा ने जीत हासिल की

    राजगढ़ नगर पालिका में भी भाजपा का परचम दिखा। पार्टी ने 15 सीटों में से 12 पर जीत हासिल की तो वहीं कांग्रेस ने 3 पर जीत हासिल की।

  • 03:15 PM, 17 Jul 2022

    सीहोर नगर पालिका में भाजपा जीत की ओर

    मप्र के सीहोर नगर पालिका के कुल 35 वार्ड में से 20 पर भाजपा ने जीत हासिल कर ली है, और 4 पर आगे चल रही है। दूसरी ओर कांग्रेस 5 पर जीत हासिल चुकी है और 3 पर आगे चल रही है। वहीं 2 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी आगे हैं

  • 02:59 PM, 17 Jul 2022

    शिवराज सिंह चौहान ने लोगों का जताया आभार

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राज्य के नगर निकाय चुनावों के नतीजों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सीएम ने इस बीच एक ट्वीट भी किया। उन्होंने सतना में योगेश ताम्रकार और खण्डवा में अमृता यादव के महापौर प्रत्याशी के रूप में जीतने पर लोगों का आभार व्यक्त करता हूं।

  • 02:55 PM, 17 Jul 2022

    ग्वालियर में कांग्रेस प्रत्याशी करीब 11 हजार वोट से आगे

    ग्वालियर से आ रहे रुझानों में कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी शोभा सिकरवार भाजपा की सुमन शर्मा से 10952 वोटों से आगे चल रही हैं।

  • 02:45 PM, 17 Jul 2022

    27 नगर पालिकाओं में भाजपा जीत की ओर

    पहले चरण की 36 नगर पालिकाओं में से 27 सीटों पर रुझानों में भाजपा को जीत मिलती दिख रही है। वहीं कांग्रेस 8 नगर पालिकाओं में आगे चल रही है।

  • 02:32 PM, 17 Jul 2022

    बुरहानपुर में पटेल ने अंसारी को केवल 542 मतों से हराया

    बुरहानपुर में भाजपा की माधुरी पटेल ने अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी शहनाज अंसारी को 542 मतों के अंतर से हराया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पटेल को 52,823 मत मिले, जबकि अंसारी को 52,281 मत मिले।

  • 02:31 PM, 17 Jul 2022

    बुरहानपुर में बीजेपी की जीत, अन्य जगहों पर मतगणना जारी

    मध्य प्रदेश के बुरहानपुर शहर में रविवार को महापौर चुनाव में भाजपा उम्मीदवार माधुरी पटेल ने जीत हासिल की, जबकि राज्य के 10 अन्य नगर निकायों में चुनाव के लिए मतगणना जारी है।
    ताजा रुझानों के अनुसार भोपाल, सागर, सतना, इंदौर और खंडवा में भी भाजपा आगे चल रही थी, जबकि ग्वालियर में कांग्रेस और सिंगरौली में आम आदमी पार्टी (आप) आगे चल रही थी।

  • 02:20 PM, 17 Jul 2022

    कटनी जिले की दो नगर परिषदों में भाजपा का कब्जा

    कटनी जिले की दो नगर परिषदों में भाजपा ने कब्जा कर लिया है। विजयराघवगढ़ एवं कैमोर में भी भाजपा का अध्यक्ष बनना तय हो गया है। वहीं कैमोर में कांग्रेस का हाल काफी बुरा है, पार्टी का खाता भी नहीं खुल सका।

  • 02:10 PM, 17 Jul 2022

    एआइएमआइएम ने खंडवा में खाता खोला

    मप्र के नगर निगम चुनाव में इस बार महापौर से लेकर 11 वार्डों में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी  एआइएमआइएम के प्रत्याशी चुनाव लड़े हैं। इस बीच बड़ा उलटफेर करते हुए खंडवा के वार्ड क्रमांक 14 छत्रपति शिवाजी वार्ड से एआइएमआइएम के प्रत्याशी बिलाल पेंटर ने भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को मात देकर जीत हासिल की है।

  • 01:57 PM, 17 Jul 2022

    भिंड और गुना में भाजपा का हुआ सूपड़ा साफ

    केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव वाले क्षेत्र गुना नगर पालिका में भाजपा पिछड़ती दिख रही है। भिंड की लहार नगर पालिका के 15 वार्ड में से एक में भी भाजपा को जीत नहीं मिली है। 13 कांग्रेसी पार्षद और दो निर्दलीय जीते हैं।

  • 01:47 PM, 17 Jul 2022

    सिंधिया के घर ग्वालियर में कांग्रेस पार्टी आगे

    स्थानीय निकाय चुनाव में 57 साल में पहली बार सिंधिया के घर ग्वालियर में कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है। जबलपुर में भी कांग्रेस को बढ़त है। बता दें कि सिंधिया के रहते कभी कांग्रेस यहां से जीत दर्ज नहीं कर पाई है।

  • 01:36 PM, 17 Jul 2022

    बुरहानपुर से भाजपा प्रत्याशी माधुरी पटेल ने जीत दर्ज की

    चुनाव का पहला परिणाम आ गया है और बुरहानपुर से भाजपा प्रत्याशी माधुरी पटेल ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी शहनाज अंसारी को 588 वोट से हराया। सतना में भाजपा प्रत्याशी योगेश ताम्रकार ने कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा को  24400 वोटों से हराया।

  • 01:15 PM, 17 Jul 2022

    सिंगरौली से आम आदमी पार्टी की मेयर प्रत्याशी आगे

    सिंगरौली से आम आदमी पार्टी (आप) की मेयर प्रत्याशी रानी अग्रवाल आगे चल रही हैं। आप ने पहली बार मध्य प्रदेश में निकाय चुनावों में कदम रखा है।

  • 12:50 PM, 17 Jul 2022

    भाजपा के मेयर प्रत्याशी भोपाल, इंदौर में आगे

    मध्य प्रदेश के 11 नगर निगमों में भाजपा के मेयर प्रत्याशी भोपाल, इंदौर, सागर और छिंदवाड़ा में आगे चल रहे हैं। ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर और बुरहानपुर में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी आगे हैं।