Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

Priyanka Gandhi ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा- ‘मन की बात’ करने में लगे हैं मुखिया


  • लखनऊ: देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार की लापरवाही और असंवेदनशीलता के चलते आज गांवों को बुरे हाल पर छोड़ दिया गया है। गांव कराह रहे हैं लेकिन सरकार के मुखिया केवल अपने मन की बात करने में लगे हैं। इतना ही नहीं, प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार ने 12 अप्रैल को टीका उत्सव मना दिया। लेकिन वैक्सीन की कोई व्यवस्था नहीं की और इन 30 दिनों में हमारे टीकाकरण में 82 प्रतिशत की गिरावट आई।

‘मन की बात’ करने में लगे हैं देश के मुखिया: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने गंगा नदी में लाशें मिलने की खबरों के बाद केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर अखबारों की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘गांवों में कोरोना के चलते स्थिति सामान्य नहीं है। लोगों का टेस्ट नहीं हो रहा है। इलाज मिल नहीं रहा है और लोगों की मृत्यु हो जा रही है। इस हालत के चलते वो आंकड़ों में भी नहीं गिने जा रहे हैं। गाजीपुर एवं बक्सर में कई सारे शव गंगा नदी में तैरते मिले। हमीरपुर में यमुना नदी में शव तैरते हुए मिले थे। इस तरह की भयावह स्थिति भारत में 1918 में देखी गई थी जब फ्लू के प्रकोप के चलते हुई मौतों के बाद लोगों के शव नदियों में मिले थे। इस सरकार की लापरवाही और असंवेदनशीलता के चलते आज गांवों को बुरे हाल पर छोड़ दिया गया है। गांव कराह रहे हैं लेकिन सरकार के मुखिया केवल अपने मन की बात करने में लगे हैं।’