Latest News उत्तर प्रदेश राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

Rajasthan: यूपी के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर लगाया झूठे वादे करने का आरोप


जयपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कांग्रेस और महासचिव प्रियंका गांधी पर झूठे वादे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ ने सरकार में आते ही किसानों का कर्ज माफ करने की बात कही थी। यह वादा पूरा कर के दिखाया है। महिला दिवस पर प्रियंका के लखनऊ में होने जा रहे महिला मार्च को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव को पहले अलवर की दलित और मूक-बधिर नाबालिग को न्याय दिलाना चाहिए, जिस पर अत्याचार हुआ है। प्रियंका बच्ची से मिलने तक नहीं गईं। शर्मा ने कहा कि अगर प्रियंका गांधी को राजस्थान की गतिविधियों की जानकारी होती तो कांग्रेस के संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करवाती। दिनेश शर्मा सोमवार को जयपुर में मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे।

सालासर हनुमान मंदिर और खाटू श्याम मंदिर में किए दर्शन

उन्होंने कहा कि राजस्थान में कुछ ही किसानों का कर्ज माफ हुआ है। यहां के किसान कर्जमाफी का इन्तजार कर रहे हैं। युवाओं को 3500 रुपये बेरोजगारी भत्ते का वादा पूरा होने का इंतजार है। इस कारण झूठे वादे करने वाली पार्टी से चमत्कार की उम्मीद नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा  यूपी की जनता ने भाजपा को छप्पर फाड़कर वोट दिया है। लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में पूरा विश्वास है। भाजपा को पिछली बार के आसपास सीटें मिलेंगी। यूपी में ब्यूरोक्रेसी के सपा की ओर पलटी मारने को दिनेश शर्मा ने अफवाह बताया है। दिनेश शर्मा ने राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सालासर हनुमान मंदिर और खाटू श्याम मंदिर में दर्शन किए।