Latest News खेल नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Tokyo Olympics: भारतीय हॉकी टीम की जीत पर राष्ट्रपति और PM मोदी ने दी बधाई,


नई दिल्ली: भारतीय पुरुष हॉकी टीम के 41 साल बाद टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद राष्ट्रपति (President) रामनाथ कोविंद ( Ram Nath Kovind ) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने हॉकी टीम के (Men’s Hockey Team) प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह दिन हर भारतीय की स्मृतियों में हमेशा रहेगा. भारत ने कांस्य पदक के प्ले आफ मुकाबले में जर्मनी को 5-4 से हराकर पदक अपने नाम किया.

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, ”41 साल बाद ओलंपिक में पदक जीतने वाली हमारी पुरूष हॉकी टीम को बधाई. इस टीम ने बेहतरीन कौशल और दृढ निश्चय का प्रदर्शन किया. इस जीत से देश में हॉकी के एक नए युग का उदय होगा और युवाओं को हॉकी खेलने तथा उसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी.”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीयों को यह दिन हमेशा याद रहेगा. पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ”ऐतिहासिक. यह दिन हर भारतीय की स्मृतियों में हमेशा रहेगा. कांस्य पदक जीतने के लिये हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई. इससे उन्होंने पूरे देश को, खासकर युवाओं को रोमांचित किया है. भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है.”

प्रधानमंत्री ने हिंदी में किए एक अन्य ट्वीट में कहा, ” प्रफुल्लित भारत! प्रेरित भारत! गर्वित भारत! तोक्यो में हॉकी टीम की शानदार जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है. ये नया भारत है, आत्मविश्वास से भरा भारत है. हॉकी टीम को फिर से ढेरों बधाई और शुभकामनाएं.”

खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा- एक बार फिर से. हमें आप पर गर्व है

खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ”भारत के लिये करोड़ों चीयर्स. आखिर भारतीय हॉकी टीम ने कर दिया. हमारी पुरूष हॉकी टीम ने ओलंपिक की इतिहास पुस्तिका में अपना नाम अंकित करा लिया. एक बार फिर से. हमें आप पर गर्व है.”

हमारी पुरूष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया: अम‍ित शाह

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ” बधाई टीम इंडिया. यह पल हर भारतीय के लिये गर्व और हर्ष का है. हमारी पुरूष हॉकी टीम ने तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर पूरे देश को गौरवान्वित किया है.”

पूरे देश को टीम पर गर्व: सचिन तेंदुलकर

चैम्पियन क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने गोलकीपर पी आर श्रीजेश की तारीफ की जिन्होंने छह सेकंड बाकी रहते पेनल्टी कॉर्नर बचाया . तेंदुलकर ने ट्वीट किया , ” भारतीय हॉकी टीम के हर सदस्य को कांस्य जीतने पर बधाई. रोमांचक जीत . श्रीजेश ने आखिरी पलों में जो पेनल्टी कॉर्नर बचाया, वह अद्भुत था . पूरे देश को टीम पर गर्व है.”

41 साल बाद हमें ओलंपिक पदक दिलाने के लिए बधाई: नवीन पटनायक

भारतीय हॉकी टीमों के प्रायोजक ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, ”भारतीय टीम को इस शानदार जीत और 41 साल बाद हमें ओलंपिक पदक दिलाने के लिए बधाई. टोक्यो में मिली यह ऐतिहासिक जीत आने वाली पीढी के खिलाड़ियों को प्रेरित करती रहेगी. भविष्य के लिए शुभकामना. चीयर फोर इंडिया.”

स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा बोले-देश के लिए भावुक पल. गर्व का पल

ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के इकलौते स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने कहा, ”पूरे देश के लिए भावुक पल. गर्व का पल. लंबा इंतजार खत्म हुआ . भारतीय पुरूष हॉकी टीम को बधाई.”

यह बहुत बड़ा क्षण है : राहुल गांधी ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम की जीत पर कहा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम की बृहस्पतिवार को प्रशंसा की और कहा कि पूरे देश को उनकी उपलब्धि पर गर्व है. भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बृहस्पतिवार को तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक के प्ले ऑफ मैच में जर्मनी को 5-4 से हराकर 41 साल बाद ओलंपिक पदक जीतते हुए इतिहास के पन्नों में फिर से अपना नाम अंकित करा लिया. गांधी ने ट्वीट किया, ”भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई. यह बहुत बड़ा क्षण है-पूरे देश को आपकी उपलब्धि पर गर्व है. आप इस जीत के काबिल हैं.”