Latest News TOP STORIES राष्ट्रीय

कम होने लगा कोरोना की दूसरी लहरका कहर


३,४३,१४४ नये पीडि़त, ३,४४,७७६ हुए ठीक

नयी दिल्ली (आससे)। देशभर में कोरोना की दूसरी लहर का कहर धीरे-धीरे कम होने लगा है। लगातार तीसरे दिन दैनिक नये मामलों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या अधिक रही है। पिछले 24 घंटे में 3,44,776 संक्रमित ठीक हो गये हैं। हालांकि इस दौरान 3,43,144 नये मामले सामने आये हैं तथा 4000 लोगों की मौत भी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना की कुल रिकवरी आज 2,00,79,599 हो गई है तथा राष्ट्रीय रिकवरी दर 83.50 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में 3,44,776 रिकवरी दर्ज की गई, जो बीते चार दिनों में से तीसरी बार दैनिक नये मामलों की तुलना में नई रिकवरी की संख्या अधिक रही। मत्रालय के अनुसार देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज घटकर 37,04,893 रह गई।यह देश में कुल पॉजिटिव मामलों का 15.41 प्रतिशत है। बीते 24 घंटे में कुल सक्रिय मामलों में 5,632 मामलों की गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान 3,43,144 नये मामले दर्ज किये गये हैं। इस दौरान दर्ज किये गये नये मामलों के 72.37 प्रतिशत में 10 राज्यों की भागीदारी है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 42,582 मामले सामन आये है। 39,955 मामलों के साथ केरल दूसरे स्थान पर है, जबकि कर्नाटक ने 35,297 नये मामले दर्ज कराये हैं। मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय मृत्यु दर वर्तमान में 1.09 प्रतिशत है।