पटना

गया: तीन दर्जन रिवाल्वर व थर्नट के साथ चार तस्कर गिरफ्तार


झारखंड एवं शेरघटी पुलिस की संयुक्त काररवाई

शेरघाटी (गया)(आससे)। शेरघाटी के नई बाजार बस स्टैंड के समीप से झारखंड एवं शेरघाटी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यात्री बस में संयुक्त रूप से छापेमारी कर चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए हथियार तस्करों के पास से पुलिस ने 36 रिवाल्वर एवं थरनट बरामद किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े हथियार तस्करों में शेरघाटी थाना क्षेत्र के कमात गांव निवासी विश्वनाथ सिंह का पुत्र चंदन कुमार, रमना मोहल्ला का रहने वाला मोहम्मद दानिश एवं बांके बाजार थाना क्षेत्र के डुमरावां निवासी सिमरन, बस कंडक्टर मो तौहीद ऊर्फ रफतके अलावा गुरुआ थाना क्षेत्र के मरसीबीघा निवासी रंजन कुमार दास शामिल है।

पुलिसके अनुसार हथियार के खेप को तस्कर कोलकाता से बैग में भरकर यात्री बस से शेरघाटी लेकर पहुंचे थे। झारखंड पुलिस को इसकी सूचना मिली थी। जिसके बाद झारखंड पुलिस सादे लिबास में एवं निजी वाहन से बस का पीछा करते हुए शेरघाटी पहुंची। इसके बाद सूचक ने दोनों को चिन्हित किया। तभी शेरघाटी पुलिस के सहयोग से झारखंड पुलिस ने हथियार तस्करों को धर दबोचा। शेरघाटी थानाध्यक्ष राज किशोर सिंह ने बताया कि हथियार तस्करों को झारखंड पुलिस अपने साथ लेकर गई है। जिसमें लाइनर का काम करने वाले युवक को भी पुलिस साथ लेकर गई है। लाइनर का बाइक पुलिस के कब्जे में है।